विंबलडन में हार के बाद भी नोवाक जोकोविच का इरादा पक्का, बोले- 'कम से कम एक बार और लौटूंगा'
विंबलडन सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जैनिक सिनर के हाथों सीधे सेटों में मिली हार के बावजूद नोवाक जोकोविच ने संन्यास की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 39
विंबलडन सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जैनिक सिनर के हाथों सीधे सेटों में मिली हार के बावजूद नोवाक जोकोविच ने संन्यास की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 39 वर्षीय सर्बियाई स्टार ने साफ किया कि वह ग्रास कोर्ट के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में "कम से कम एक बार और" वापसी करना चाहते हैं।
शुक्रवार को हुए इस मुकाबले में सात बार के चैंपियन जोकोविच को सिनर ने 6-4, 6-4, 6-4 से मात दी, जिससे उनका 39वीं बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। मैच के बाद जब सेंटर कोर्ट पर दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया, तो कई लोगों ने इसे उनकी विदाई मान लिया। हालांकि, जोकोविच ने स्पष्ट किया कि उनका हौसला कम नहीं हुआ है और वह अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश जारी रखेंगे।
हार निराशाजनक, पर हौसला बुलंद
हार को निराशाजनक बताते हुए भी जोकोविच ने कहा, "मैं निश्चित रूप से निराश हूं क्योंकि मैं यह टूर्नामेंट जीतना चाहता था। यही कारण है कि मैं खुद को लगातार बेहतर बनाने के लिए मेहनत करता हूं।" उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सेमीफाइनल में वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए और सिनर जीत के हकदार थे। जोकोविच बोले, "आज मैं अपने मनचाहे स्तर का खेल नहीं दिखा पाया। इसका थोड़ा अफसोस रहेगा, लेकिन अब आगे बढ़ने का समय है।"
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को हराने का दम बाकी
इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए जोकोविच ने क्वार्टर फाइनल में फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे के खिलाफ मिली जीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "मैंने खुद को और बाकी लोगों को दिखाया कि मैं अब भी सबसे ऊंचे स्तर पर खेल सकता हूं।" 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने जोर देकर कहा कि वह किसी दबाव में नहीं खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं इसलिए खेलता हूं क्योंकि मैं खेलना चाहता हूं। मुझे विश्वास है कि मैं आज भी दुनिया के टॉप-10 और टॉप-5 खिलाड़ियों के स्तर का टेनिस खेल सकता हूं।"
जोकोविच का आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब पिछले साल यूएस ओपन में आया था। अब उनकी निगाहें इसी साल होने वाले यूएस ओपन पर हैं, जहां वह रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम जीतकर मार्गरेट कोर्ट को पीछे छोड़ना चाहेंगे।
इनपुट: IANS



