विरार: फिल्म इंडस्ट्री में काम का झांसा, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर महिला ने दी जान, सुसाइड नोट में खुलासा
महाराष्ट्र के विरार में फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने का सपना देख रही एक महिला ने कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। महिला ने एक सार्वजनिक पार्क में कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी…
महाराष्ट्र के विरार में फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने का सपना देख रही एक महिला ने कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। महिला ने एक सार्वजनिक पार्क में कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें 'पतकी' नामक एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मृतका ननीली जोशी, जो जेपी नगर की निवासी थीं, ने अपने सुसाइड नोट में बताया कि आरोपी ने फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने का वादा कर उनसे पैसे लिए थे। बाद में, उसने निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
अर्नाला सागरी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम ने बताया कि महिला और आरोपी जनवरी से एक-दूसरे के संपर्क में थे। सुसाइड नोट के मुताबिक, आरोपी ने पहले काम दिलाने का भरोसा देकर पैसे लिए और फिर दोनों के बीच संबंध बने। इसी दौरान उसने महिला के कुछ निजी वीडियो बना लिए और इन्हीं वीडियो के आधार पर वह और पैसों की मांग कर रहा था। नोट में करीब एक करोड़ रुपए की रकम का भी जिक्र है, हालांकि पुलिस अभी लेन-देन की सटीक राशि की पुष्टि कर रही है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान योगेश म्हापणकर उर्फ सौरभ पतकी के रूप में हुई है, जो मुंबई का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतका के भाई ने भी अपनी शिकायत में आरोपी पर परेशान करने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
वरिष्ठ निरीक्षक सतीश निकम ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आरोपी की गिरफ्तारी उनकी प्राथमिकता है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 308 (जबरन वसूली) के तहत केस दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इनपुट: IANS



