लोकसभा में फिर हंगामा, स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों को दिलाई महात्मा गांधी की याद
संसद के मानसून सत्र में विपक्षी दलों का हंगामा शुक्रवार को भी जारी रहा, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, स्पीकर ओम बिरला ने हंगामे के बीच सांसदों से महात्मा…
संसद के मानसून सत्र में विपक्षी दलों का हंगामा शुक्रवार को भी जारी रहा, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, स्पीकर ओम बिरला ने हंगामे के बीच सांसदों से महात्मा गांधी से प्रेरणा लेने की अपील की, लेकिन विपक्षी सदस्यों के शांत न होने पर सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
विपक्षी सांसद दो प्रमुख मुद्दों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहे हैं। इनमें 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई 'पुलिस कार्रवाई' और अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी के आरोप शामिल हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर शुक्रवार को भी सदन में हंगामा हुआ।
गांधी को याद कर दी नसीहत
सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर ओम बिरला ने 'भारत छोड़ो आंदोलन' की 84वीं वर्षगांठ का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "9 अगस्त को 'भारत छोड़ आंदोलन' की 84वीं वर्षगांठ है। साल 1942 में इसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देशवासियों को 'करो या मरो' का मंत्र दिया था।" उन्होंने इस आंदोलन को अन्याय के विरुद्ध सत्य और अहिंसा पर आधारित संघर्ष का अमर प्रतीक बताया। सदन ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन भी रखा।
हालांकि, प्रश्नकाल शुरू होते ही हंगामा फिर से शुरू हो गया। इस पर स्पीकर ने सदस्यों से शांति की अपील करते हुए कहा, "महात्मा गांधी का योगदान सिर्फ भारत नहीं, बल्कि पूरी दुनिया मानती है। इसलिए दुनिया भी उनसे प्रेरणा लेती है। देश के अंदर लोकतंत्र को सशक्त और मजबूत करने के लिए आप सब भी उनसे प्रेरणा लो। यहां चर्चा, संवाद और अपने विचारों को अभिव्यक्त करो।"
संसदीय मर्यादा पर जताई चिंता
स्पीकर ने बाबासाहेब अंबेडकर का हवाला देते हुए चर्चा और संवाद को लोकतंत्र को मजबूत करने का रास्ता बताया। जब विपक्षी सदस्यों का हंगामा नहीं रुका, तो उन्होंने कहा, "आपका आचरण संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। इस पर आपको विचार करना चाहिए।" उन्होंने प्रश्नकाल को चलने देने का अनुरोध किया, लेकिन सदन में शोरगुल जारी रहने के कारण अंततः कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
इनपुट: IANS



