यूपी: IIM लखनऊ के सहयोग से ग्रामीण महिला उद्यमियों के कारोबार को मिलेगी नई उड़ान
उत्तर प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों के छोटे कारोबार को अब एक बड़े और व्यवस्थित व्यवसाय में बदलने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत एक…
उत्तर प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों के छोटे कारोबार को अब एक बड़े और व्यवस्थित व्यवसाय में बदलने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत एक इन्क्यूबेशन सेंटर शुरू करने को हरी झंडी दे दी है, जिसे भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) लखनऊ का तकनीकी सहयोग मिलेगा। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिला उद्यमियों को उनके उद्यम स्थापित करने से लेकर विस्तार करने और बाजार तक पहुंचने में मदद करना है।
केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद स्थापित हो रहा यह सेंटर, समूह की महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे उद्यमों को मजबूत करने और उन्हें बाजार से जोड़ने के लिए हर ज़रूरी सहायता मुहैया कराएगा। इसका मकसद सिर्फ प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि महिलाओं की वास्तविक व्यावसायिक ज़रूरतों को पूरा करना है।
विशेषज्ञ मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग
इस इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से महिला उद्यमियों को कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेषज्ञ सलाह और मेंटरिंग दी जाएगी। इनमें बिजनेस प्लान तैयार करना, उत्पाद का विकास, गुणवत्ता नियंत्रण, ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल शामिल है। इसके अलावा, सेंटर संभावनाशील उद्यमों को विशेषज्ञों, वित्तीय संस्थानों और बाजार के नए अवसरों से जोड़ने का काम भी करेगा।
आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अब सिर्फ आजीविका गतिविधियों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़ी संख्या में अपने उद्यम भी स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा, “यह इन्क्यूबेशन सेंटर इन छोटे उद्यमों को एक मजबूत व्यवसाय में बदलने और महिलाओं की आय व आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद करेगा।” IIM लखनऊ के सहयोग से ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने कारोबार को व्यवस्थित करने और उसे विस्तार देने का एक बड़ा अवसर मिलेगा।
इनपुट: IANS



