वाराणसी: मानदेय बढ़ने से स्वच्छता मित्रों के चेहरे खिले, बोले- 'अब गुजारा अच्छे से होगा'
वाराणसी में नगर निगम के स्वच्छता मित्रों के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके मासिक मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की घोषणा की, जिससे उनके वेतन में…
वाराणसी में नगर निगम के स्वच्छता मित्रों के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके मासिक मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की घोषणा की, जिससे उनके वेतन में लगभग छह हजार रुपये का इजाफा होगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घोषणा के बाद सफाई कर्मचारियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे उनका जीवनयापन बेहतर हो सकेगा और भविष्य सुरक्षित होगा।
यह घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन सरोजा पैलेस में आयोजित 'स्वच्छता मित्र' सम्मान समारोह के दौरान की। इस कार्यक्रम में उन्होंने नगर निगम के सैकड़ों सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया और उन्हें स्वच्छता किट भी भेंट की।
सफाई कर्मचारियों ने क्या कहा?
मानदेय में बढ़ोतरी से उत्साहित एक सफाई कर्मचारी चिंता देवी ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। पहले 10 हजार रुपए में गुजारा नहीं हो पाता था, अब 16 हजार रुपए मिलेंगे। यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत है।" उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे चाहती थीं कि या तो वेतन बढ़े या उन्हें स्थायी कर्मचारी बनाया जाए।
इसी तरह, दिनेश चौधरी नाम के एक अन्य सफाई मित्र ने बताया कि लंबे समय से उन्हें मेहनत के हिसाब से वेतन नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा, "अब मानदेय में 5 से 6 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जिससे हमारा गुजर-बसर अच्छे से हो पाएगा। हम इस फैसले से बहुत संतुष्ट हैं।"
स्थायी नौकरी की भी उम्मीद
कई कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि के साथ-साथ भविष्य की सुरक्षा के लिए स्थायी नौकरी की भी इच्छा जताई। महिला सफाई मित्र कल्पना देवी ने कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। हम यही चाहते हैं कि हमारा वेतन बढ़ाया जाए और हमें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। अगर हमारी नौकरी पक्की हो जाएगी तो हमारे और हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो जाएगा।" राजकुमार और आशुतोष जैसे अन्य कर्मचारियों ने भी सरकार द्वारा किए गए वादों और सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी सेवा करते रहने की बात कही।
इनपुट: IANS



