प्रतापगढ़: बारिश में 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही कमरे में सो रहे परिवार के 6 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई, जब उनका करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान देर रात ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों समेत एक ही परिवार के छह…
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई, जब उनका करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान देर रात ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों समेत एक ही परिवार के छह सदस्यों की मलबे में दबकर मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार का एक सदस्य इस घटना में जीवित बच गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में हुई। बताया जा रहा है कि एयर कंडीशनर (एसी) चलने की वजह से परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जब यह हादसा हुआ। अचानक मकान के भरभराकर गिरने से पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया, जिससे इलाके में मातम पसर गया।
रात 2 बजे हुआ हादसा
सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने IANS को बताया कि कोतवाली पुलिस स्टेशन को देर रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि महोली इलाके में प्रमोद श्रीवास्तव के घर की छत गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव टीमों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी 55 वर्षीय पत्नी रीता, 25 वर्षीय बेटे नितिन, 23 वर्षीय बहू माधुरी और दो पोतों- एक वर्षीय माधव और 10 महीने के अद्विक के रूप में हुई है। हादसे में जीवित बचे युवक का नाम अमन श्रीवास्तव है।
'नींद खुली तो मलबे में दबा था'
इस हादसे में अकेले बचे अमन श्रीवास्तव ने आपबीती सुनाते हुए कहा, "जब मेरी नींद खुली, तो मुझे एहसास हुआ कि मैं मलबे के नीचे दबा हुआ हूं। किसी तरह मैं बाहर निकला और देखा कि परिवार के सभी सदस्य फंसे हुए थे।" उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने खुद सबको बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर मदद के लिए चिल्लाने लगे। उन्होंने कहा, "हम सभी सात लोग एक ही कमरे में सो रहे थे। मेरे माता-पिता, मेरा छोटा भाई, मेरी पत्नी और हमारे दो छोटे बच्चे अंदर थे। मुझे तो बचा लिया गया, लेकिन वे सभी मारे गए।"
पड़ोसी पूनम श्रीवास्तव के अनुसार, पूरा परिवार सो रहा था, तभी अचानक छत गिर गई और ऊपरी मंजिल का मलबा नीचे आ गया, जिससे सभी लोग अंदर फंस गए।
इनपुट: IANS



