ईरान पर सख्ती, उत्तर कोरिया पर नरमी? ट्रंप ने किम जोंग उन के साथ अपने 'अच्छे संबंधों' का दिया हवाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा है कि उनके पद पर रहते हुए किम "ठीक" रहेंगे। मंगलवार को व्हाइट…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा है कि उनके पद पर रहते हुए किम "ठीक" रहेंगे। मंगलवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने यह दावा किया कि उत्तर कोरियाई नेता उनका सम्मान करते हैं और उन्हें पसंद करते हैं, जिस वजह से स्थिति नियंत्रण में है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ट्रंप का यह बयान तब आया जब उनसे ईरान और उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रमों पर उनके अलग-अलग रुख को लेकर सवाल किया गया।
उनसे पूछा गया था कि जब वह ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं देने की बात करते हैं, तो उत्तर कोरिया के परमाणु संपन्न होने पर उनका क्या कहना है। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "किम जोंग-उन के पास काफी बड़ा परमाणु क्षमता वाला भंडार है। जब तक मैं आसपास हूं, वह ठीक रहेगा।" उन्होंने इसकी वजह किम के साथ अपने अच्छे रिश्ते को बताया।
उत्तर कोरिया का परमाणु कार्यक्रम
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और उसके सहयोगी देश उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों को लेकर लगातार चिंता जता रहे हैं। उत्तर कोरिया लंबे समय से अपने परमाणु हथियार कार्यक्रम को अपनी सुरक्षा नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानता रहा है। हालांकि, योनहाप की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी बातचीत में उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों की कोई सटीक संख्या नहीं बताई।
यह बातचीत व्हाइट हाउस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक के बाद हुई। ट्रंप और किम के बीच पहले भी कई दौर की सीधी बातचीत हो चुकी है, लेकिन इस ताजा बयान में किसी नई बैठक या वार्ता का कोई संकेत नहीं दिया गया है।
इनपुट: IANS



