यूक्रेन पर रूस के नए हमले: कीव में 14 साल के लड़के समेत दो लोगों की मौत, 7 घायल
यूक्रेन के कई इलाकों में शुक्रवार को रूस ने फिर से हवाई हमले किए, जिसमें कम से कम दो लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी कीव में एक रिहायशी…
यूक्रेन के कई इलाकों में शुक्रवार को रूस ने फिर से हवाई हमले किए, जिसमें कम से कम दो लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी कीव में एक रिहायशी इमारत पर हुए ड्रोन हमले में एक 14 वर्षीय लड़के की मौत हो गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इन हमलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह से ही देश के आठ अलग-अलग क्षेत्रों को निशाना बनाया गया है।
राजधानी कीव समेत कई शहर निशाने पर
राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, कीव में एक ड्रोन ने सीधा एक रिहायशी अपार्टमेंट को निशाना बनाया। इस हमले में 14 साल के एक किशोर की दुखद मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने इस हमले को "बेहद बेरहम और दिल दहला देने वाला" बताया, जिसका कोई सैन्य कारण नहीं था। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
इसके अलावा, ओडेसा में एक डाकघर पर हुए दोहरे हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जापोरिज्जिया में एक मेडिकल क्लिनिक पर भी उस समय हमला किया गया जब वहां लोग मौजूद थे। सुमी और मायकोलाइव क्षेत्रों में भी लोगों के घायल होने की खबर है।
अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ाने की अपील
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने अपने सहयोगी देशों को चेतावनी दी है कि अगर रूस पर दबाव नहीं बढ़ाया गया, तो सर्दियां आते ही हमले और तेज हो सकते हैं। उन्होंने कहा, "कूटनीतिक कोशिशों को कामयाब बनाने के लिए अमेरिका की पाबंदियों को लागू करना होगा और यूरोप की पाबंदियों को और कड़ा करना होगा।" उन्होंने जोर दिया कि रूस को यह समझना होगा कि युद्ध को खत्म करना ही एकमात्र रास्ता है।
इनपुट: IANS



