थाईलैंड स्कूल गोलीबारी: मृतकों की संख्या नौ हुई, हमलावर छात्र को लेकर दोस्तों और रिश्तेदारों ने दी जानकारी
थाईलैंड के नोनथाबुरी प्रांत के एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में गंभीर रूप से घायल एक 12 वर्षीय बच्ची ने…
थाईलैंड के नोनथाबुरी प्रांत के एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में गंभीर रूप से घायल एक 12 वर्षीय बच्ची ने शनिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना ने एक बार फिर देश में बंदूक नियंत्रण और स्कूलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह दिल दहलाने वाली घटना शुक्रवार, 7 अगस्त को बैंकॉक के पास स्थित डेब्सिरिन नोनथाबुरी स्कूल में हुई थी। पुलिस के अनुसार, 14 वर्षीय एक छात्र ने पहले अपने घर पर दादा-दादी की गोली मारकर हत्या की और फिर स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और कर्मचारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में हमलावर छात्र ने खुद को भी गोली मार ली।
हमलावर छात्र के बारे में क्या पता चला?
गोलीबारी के बाद यह आशंका जताई जा रही थी कि शायद छात्र स्कूल में होने वाली बुली (धौंस) का शिकार था, लेकिन उसके एक सहपाठी ने इस बात से इनकार किया है। बैंकॉक पोस्ट के हवाले से दोस्त ने बताया कि हमलावर पढ़ाई-लिखाई में बहुत अच्छा था और उसे किसी ने कभी बुली नहीं किया था। हालांकि, सहपाठी ने यह भी बताया कि वह थाई भाषा में थोड़ा संघर्ष कर रहा था और उसे उस विषय का होमवर्क पसंद नहीं था, जिसमें उसे ज़ीरो ग्रेड भी मिला था।
घटना के दिन वह सामान्य रूप से स्कूल आया, असेंबली में शामिल हुआ और फिर गणित की दूसरी कक्षा के दौरान उसने गोलीबारी शुरू कर दी। छात्र के एक रिश्तेदार ने भी हैरानी जताते हुए कहा कि वह पढ़ाई में तेज था, स्कूल से सीधा घर आता था और कभी अपने दादा-दादी को परेशान नहीं करता था। छुट्टियों में भी वह घर पर ही रहता था और अपने कमरे में कंप्यूटर पर समय बिताता था।
घटना की जांच और सरकारी प्रतिक्रिया
पुलिस के अनुसार, इस हमले में 30 से अधिक लोग घायल हुए थे, जिनमें से 14 अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और सात की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई बंदूक हमलावर के दादा के नाम पर पंजीकृत थी। पुलिस हमले के मकसद का पता लगाने के लिए जांच कर रही है और आरोपी छात्र के माता-पिता से भी पूछताछ की गई है।
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने हथियारों से जुड़े नियमों को और सख्त करने का आश्वासन दिया है। यह थाईलैंड में हाल के वर्षों की सबसे गंभीर गोलीबारी की घटनाओं में से एक है, जिसने 2022 के नोंग बुआ लाम्फू हमले की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें 37 लोगों की जान गई थी।
इनपुट: IANS



