दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में हाईजैक का अलर्ट: पायलट ने प्लेन क्रैश करने की कोशिश की, यात्रियों ने रोका
दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश कराने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे पायलट, क्रू सदस्यों और कुछ…
दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश कराने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे पायलट, क्रू सदस्यों और कुछ यात्रियों के समय पर हस्तक्षेप के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
बुधवार सुबह इस उड़ान से हाईजैक का सिग्नल मिलने के बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और लड़ाकू विमानों को रवाना कर दिया गया। हालांकि, तब तक पायलट को काबू में कर लिया गया था। इजरायली अधिकारियों ने विमान में पायलटों के बीच हाथापाई की घटना की पुष्टि की है, लेकिन विमान क्रैश करने की कोशिश के दावे पर आधिकारिक बयान का इंतजार है।
विमान के अंदर क्या हुआ?
एक इजरायली अधिकारी ने 'द यरूशलम पोस्ट' को बताया कि एक "बड़ी दुर्घटना बाल-बाल टल गई"। अधिकारी के अनुसार, विमान में मौजूद अतिरिक्त क्रू और कुछ इजरायली यात्रियों की मदद से पायलट को नियंत्रित किया गया। सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई एक तस्वीर में एक यात्री की टी-शर्ट पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं, जो विमान के अंदर हुए हंगामे और हाथापाई की ओर इशारा करता है।
अचानक गोता लगाता बोइंग विमान
सार्वजनिक उड़ान डेटा से पता चलता है कि उड़ान के दो घंटे पंद्रह मिनट बाद, विमान अचानक तेजी से नीचे आया (नोज डाइव)। 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' के अनुसार, एक मिनट से भी कम समय में यह 34,000 फीट से गिरकर लगभग 17,000 फीट पर आ गया, और इसकी गति 411 नॉट से बढ़कर लगभग 600 नॉट हो गई। कुछ देर संभलने के बाद विमान फिर से 14,000 फीट से भी नीचे चला गया। अगले एक घंटे तक विमान स्थिर ऊंचाई बनाए रखने में विफल रहा, जिससे संकेत मिलता है कि इसे ऑटोपायलट के बजाय हाथ से नियंत्रित किया जा रहा था।
यात्रियों की वापसी और जांच
विमान की तबुक में सुरक्षित लैंडिंग के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने एक्स पर जानकारी दी कि स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री समेत शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की एक बैठक भी हुई। ताजा जानकारी के अनुसार, फ्लाईदुबई ने फंसे हुए यात्रियों को तेल अवीव लाने के लिए एक दूसरा विमान भेजा है।
इनपुट: IANS



