सोमवार, 23 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
पंजाब

पंजाब: तरनतारन में पाकिस्तानी ड्रोन की दस्तक, खेत से हथियार और हेरोइन की बड़ी खेप बरामद

पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बार फिर ड्रोन के जरिए तस्करी की कोशिश का मामला सामने आया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त अभियान में खालड़ा सेक्टर के एक…

पंजाब: तरनतारन में पाकिस्तानी ड्रोन की दस्तक, खेत से हथियार और हेरोइन की बड़ी खेप बरामद
(फोटो: IANS)

पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बार फिर ड्रोन के जरिए तस्करी की कोशिश का मामला सामने आया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त अभियान में खालड़ा सेक्टर के एक खेत से ड्रोन द्वारा गिराया गया पैकेट बरामद हुआ, जिसमें से पिस्तौल, कारतूस और हेरोइन की खेप मिली है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना कलसियां गांव में हुई, जहां किसान सुखा सिंह के खेत में एक पीले रंग का पैकेट गिरा देखा गया। बीएसएफ की 115वीं बटालियन के कलसियां सीमा चौकी के कमांडर मुरारी लाल शर्मा ने इसकी सूचना तत्काल खालड़ा पुलिस स्टेशन को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पैकेट से क्या-क्या मिला?

सुरक्षा बलों ने जब पैकेट को खोला तो उसमें से बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री निकली। बरामद चीजों में चार पिस्तौल, छह खाली मैगजीन और 57 जिंदा कारतूस शामिल थे। इसके अलावा, पैकेट से 277 ग्राम हेरोइन और 37 ग्राम पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने पूरी खेप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पाकिस्तान से भेजे जाने का संदेह

खालड़ा थाने के सब-इंस्पेक्टर आरजू ने बताया कि बीएसएफ कमांडर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हथियारों और नशीले पदार्थों की यह खेप सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय इलाके में भेजी गई थी। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस खेप को किसने भेजा था और भारत में इसे किसे सौंपा जाना था।

गौरतलब है कि हाल ही में राजस्थान पुलिस ने भी ऐसे 28 पाकिस्तानी हैंडलरों की पहचान की थी, जो ड्रोन का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार हथियार, नशीले पदार्थ और विस्फोटक भेजते रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस तरह के नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social पंजाब डेस्क

News4Social पंजाब डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पंजाब से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →