दादी के अंतिम संस्कार के लिए अमृतसर लाए गए सांसद अमृतपाल सिंह, गांव जल्लूपुर खेड़ा छावनी में तब्दील
खडूर साहिब से नवनिर्वाचित सांसद अमृतपाल सिंह को शनिवार को असम की डिब्रूगढ़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब लाया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए…
खडूर साहिब से नवनिर्वाचित सांसद अमृतपाल सिंह को शनिवार को असम की डिब्रूगढ़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब लाया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे हैं, जिसके लिए अदालत ने उन्हें तीन घंटे की सशर्त अनुमति दी है। उनके आगमन को देखते हुए अमृतसर एयरपोर्ट से लेकर उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा तक सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
अमृतपाल सिंह को लेकर पुलिस टीम शनिवार सुबह 8:30 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी। इसके बाद उन्हें दोपहर 12 से 3 बजे के बीच जल्लूपुर खेड़ा ले जाने की योजना है, जहां अंतिम संस्कार होना है। इस दौरान कानून-व्यवस्था और सांसद की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे गांव को छावनी में बदल दिया गया है। गांव के सभी प्रवेश मार्गों और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सिर्फ परिवार से मिलने की इजाजत, समर्थकों पर रोक
सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे एसपी गगनदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि अदालत के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया, "न्यायालय की शर्तों के अनुसार, शोक कार्यक्रम के दौरान केवल परिवार के सदस्यों को ही अमृतपाल सिंह से मिलने की अनुमति होगी।" किसी भी बाहरी व्यक्ति या समर्थक को उनसे मिलने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
अधिकारियों को आशंका है कि शोक कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग पहुंच सकते हैं। इस संभावना से निपटने के लिए एसपी ने कहा कि पुलिस ने हर स्थिति के लिए पर्याप्त बल तैनात किया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गांव और आसपास के प्रमुख रास्तों पर कई जगह नाकेबंदी की गई है। इसके अलावा, कार्यक्रम में किसी भी व्यक्ति को हथियार लेकर आने पर पूरी तरह से पाबंदी है।
प्रशासन और परिवार की शांति बनाए रखने की अपील
एसपी गगनदीप सिंह के मुताबिक, इससे पहले जिले के एसएसपी ने भी आम लोगों से शोक सभा की मर्यादा बनाए रखने और हथियार लेकर न आने की अपील की थी। खुद सांसद अमृतपाल सिंह के परिजनों ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीन घंटे की निर्धारित अवधि पूरी होते ही अमृतपाल सिंह को कड़ी सुरक्षा में वापस ले जाया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इनपुट: IANS



