पंजाब: बीजेपी-अकाली दल गठबंधन की अटकलों पर सचिन पायलट का तंज, पूछा - 'अब ऐसी क्या मजबूरी आ गई?'
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोनों दलों की मंशा पर…
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोनों दलों की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जो पार्टियां पिछले साढ़े पांच साल से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रही थीं, वे अब अचानक साथ आने को क्यों मजबूर हो गई हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अमृतसर में सचिन पायलट ने कहा कि दोनों ही दल पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं और इसी मजबूरी के चलते वे चुनाव से ठीक पहले एक-दूसरे का दामन थामने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि किसान आंदोलन के दौरान लाए गए तीन 'काले कानूनों' और ड्रग्स जैसे मुद्दों पर दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी की थी।
गठबंधन टूटने के कारण खत्म हो गए क्या?
पायलट ने सवाल किया, "जिन कारणों से दोनों पार्टी का गठबंधन टूटा, क्या वो सारे कारण अब खत्म हो गए?" उन्होंने कहा कि जब गठबंधन टूटा था तो भाजपा ने अकाली दल के लिए और अकाली दल ने भाजपा के लिए बहुत कुछ कहा था। पायलट के मुताबिक, "आज ऐसी क्या मजबूरी है कि दोनों फिर वापस एक होने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि जनता के सामने जाकर चुनाव लड़ सकें।" उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब समझती है।
'हार के डर से ढूंढ रहे सहयोगी'
सचिन पायलट ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "भाजपा हारने जा रही है... मजबूरी में यह उनकी एक तरह की बेताब कोशिश है। अब वे अपने गठबंधन सहयोगी ढूंढ रहे हैं।" उन्होंने हाल में राजस्थान में हुए पंचायत चुनावों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां लोगों ने कांग्रेस को एकतरफा वोट दिया है, जिससे साफ है कि भाजपा का जाना तय है। पायलट ने कहा कि पंजाब में अगर आम आदमी पार्टी सरकार का कोई विकल्प है, तो वह सिर्फ कांग्रेस है जो अपने दम पर मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस नेता ने यह भी बताया कि राहुल गांधी द्वारा 4 नवंबर को संगरूर में की गई घोषणा के बाद पार्टी के सभी नेता पंजाब के लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए यात्राएं और रैलियां कर रहे हैं।
इनपुट: IANS



