बसवन्ना पर विवादित किताब: लेखक रवि हंज को कर्नाटक पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया
12वीं सदी के समाज सुधारक बसवन्ना पर अपनी किताब में कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर कन्नड़ लेखक रवि हंज कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, कर्नाटक पुलिस ने उन्हें नोटिस…
12वीं सदी के समाज सुधारक बसवन्ना पर अपनी किताब में कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर कन्नड़ लेखक रवि हंज कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, कर्नाटक पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने में पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। हंज के खिलाफ राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुल छह एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
यह पूरा विवाद उनकी किताब 'बसव मंटप वीरशैव/लिंगायत सत्यदर्शन' को लेकर है, जिसमें बसवन्ना के चित्रण पर कई संगठनों ने गहरी आपत्ति जताई है। विरोध-प्रदर्शनों के बाद राज्य सरकार ने इस विवादित किताब पर प्रतिबंध भी लगा दिया है।
लुकआउट नोटिस और एयरपोर्ट पर हिरासत
यह मामला तब और गंभीर हो गया जब पिछले शनिवार को विदेश जाने की कोशिश कर रहे रवि हंज को कोच्चि हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उनके खिलाफ जारी 'लुकआउट नोटिस' के आधार पर उन्हें रोका और इसकी सूचना बेंगलुरु व बेलगावी पुलिस को दी। इसके बाद दोनों शहरों की पुलिस टीमें उन्हें अपनी हिरासत में लेने के लिए कोच्चि पहुंचीं। हालांकि, उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराएं नहीं लगी हैं, इसलिए पुलिस उनका बयान दर्ज कर जांच में सहयोग करने का निर्देश दे सकती है।
विभिन्न हस्तियों ने की कड़ी निंदा
इस विवाद पर समाज के कई प्रतिष्ठित लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिद्दागंगा मठ के प्रमुख सिद्दलिंग स्वामीजी ने तुमकुरु में मीडिया से कहा, "बसवन्ना एक महान व्यक्तित्व हैं... विकृत मानसिकता वाले लोग समाज में नफरत के बीज बो रहे हैं। मैं रवि हंज द्वारा व्यक्त किए गए गलत विचारों की निंदा करता हूं।" उन्होंने सरकार की कानूनी कार्रवाई को एक स्वागत योग्य कदम बताया।
वहीं, जाने-माने कन्नड़ लेखक रमजान दरगा ने भी हंज के दावों के ऐतिहासिक आधार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "रवि हंज के दावों को साबित करने के लिए कोई ऐतिहासिक सबूत नहीं हैं।" दरगा ने इस बात से इनकार किया कि बसवन्ना ने राजा बिज्जल की हत्या की साजिश रची या शाही खजाने का दुरुपयोग किया।
सरकार का सख्त रुख
कर्नाटक सरकार ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने चेतावनी दी है कि बसवन्ना का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपमानजनक टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल ने आरोप लगाया कि लेखक ने बसवन्ना को एक लुटेरे और हत्यारे के रूप में चित्रित किया है। वहीं, शहरी विकास मंत्री यतींद्र सिद्दारमैया ने इस विवाद के पीछे कुछ संगठनों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए लेखक और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
विवाद बढ़ने के बाद हंज ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी किया था और किताब को फिर से जारी करने की बात कही थी।
इनपुट: IANS



