भारत-स्विट्जरलैंड संबंध: 9 साल बाद भारत दौरे पर स्विस राष्ट्रपति, व्यापार और विज्ञान पर होगी चर्चा
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पिछले नौ वर्षों में किसी स्विस राष्ट्रपति की यह पहली भारत यात्रा है, जो दोनों देशों…
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पिछले नौ वर्षों में किसी स्विस राष्ट्रपति की यह पहली भारत यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस यात्रा का एक प्रमुख केंद्र भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच हुए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) की पहली वर्षगांठ भी है।
भारत में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिस्साफी ने राष्ट्रपति परमेलिन का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि इस महत्वपूर्ण राजकीय दौरे पर नई दिल्ली में उनका स्वागत करना खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों में कई अहम बैठकें और बातचीत होगी।
व्यापार और विज्ञान पर केंद्रित होगी यात्रा
इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति परमेलिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा, वह व्यापार और विज्ञान जगत के प्रमुख लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उनकी यात्रा के एजेंडे में 'भारत-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट' भी शामिल है, जहाँ TEPA समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ मनाई जाएगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
मजबूत साझेदारी पर जोर
सोमवार को राष्ट्रपति भवन में अपने सम्मान में आयोजित एक औपचारिक स्वागत समारोह में राष्ट्रपति परमेलिन ने कहा, "यह दौरा इस बात पर जोर देने का एक बेहतरीन मौका है कि स्विट्जरलैंड और भारत दोनों इस रिश्ते को कितनी अहमियत देते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी भरोसे और सम्मान पर टिके हैं और उनकी यह यात्रा इस करीबी, व्यापक और लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम है। समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात की और द्विपक्षीय वार्ता शुरू की।
इनपुट: IANS



