सूरत: रेजिडेंट डॉक्टर की आत्महत्या पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट
गुजरात के सूरत स्थित सिविल अस्पताल परिसर में एक रेजिडेंट डॉक्टर की आत्महत्या के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने…
गुजरात के सूरत स्थित सिविल अस्पताल परिसर में एक रेजिडेंट डॉक्टर की आत्महत्या के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट तलब की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मंत्री ने डॉक्टर के पिता से फोन पर बात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया है।
मृतक डॉक्टर की पहचान डॉ. हर्ष पंड्या के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अरावली जिले के मोडासा के रहने वाले थे। वह सूरत सिविल अस्पताल परिसर के पीजी हॉस्टल के कमरा नंबर 1005 में रहते थे, जहां उन्होंने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही खातोदरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जांच के लिए विशेष कमेटी गठित
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर नए सिविल अस्पताल के सुपरिटेंडेंट और डीन की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है। इस पूरी जांच की सीधी निगरानी गांधीनगर के डायरेक्टर सचदेव श्री को सौंपी गई है। कमेटी को यह भी निर्देश दिया गया है कि सोमवार रात को ही हॉस्टल के सभी छात्रों के बयान दर्ज कर जांच पूरी की जाए, ताकि तथ्य जल्द से जल्द सामने आ सकें।
रैगिंग और प्रताड़ना के एंगल से भी होगी पड़ताल
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों में डॉ. पंड्या ने यह कदम उठाया। इसके लिए हॉस्टल के अन्य छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच कमेटी विशेष रूप से इस बात की पड़ताल करेगी कि कहीं यह मामला रैगिंग का तो नहीं है, या फिर डॉक्टर को किसी अन्य तरह से मानसिक रूप से प्रताड़ित तो नहीं किया जा रहा था। डॉ. पंड्या के शव का फॉरेंसिक पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
इनपुट: IANS



