पूर्व एयर होस्टेस निकली ड्रग्स नेटवर्क की मास्टरमाइंड, सूरत पुलिस ने साथी संग किया गिरफ्तार
गुजरात के सूरत में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक पूर्व एयर होस्टेस और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपियों के पास से लगभग एक…
गुजरात के सूरत में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक पूर्व एयर होस्टेस और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपियों के पास से लगभग एक किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है। यह कार्रवाई सूरत पुलिस के 'नो ड्रग्स इन सूरत सिटी' अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मुंबई के सांताक्रूज निवासी मानसी अब्दुल सैयद और सोहेल सुलेमान शेख के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मानसी, जो पहले मलेशिया एयरलाइंस में एयर होस्टेस रह चुकी है, इस पूरे नेटवर्क की मुख्य मास्टरमाइंड है। सूरत क्राइम ब्रांच और रूरल पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
एडिशनल पुलिस कमिश्नर करणराज सिंह वाघेला ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक महिला बड़ौदा रेलवे स्टेशन के पास ड्रग्स की सप्लाई करने वाली है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने निगरानी शुरू की। मानसी और सोहेल मुंबई से किराए की कार में बड़ौदा पहुंचे, जहां उन्होंने ड्रग्स की डिलीवरी ली। इसके बाद वे एक्सप्रेसवे से सूरत होते हुए मुंबई लौट रहे थे। पुलिस ने सूरत रूरल एसपी राजेश गढिया और एसओजी टीम के साथ मिलकर ऐना टोल नाके पर उनकी कार को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से 977 ग्राम एमडी बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मानसी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस पूछताछ में मानसी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह 2021 से पहले मध्य प्रदेश के एक ड्रग नेटवर्क से जुड़ी थी और इंदौर क्राइम ब्रांच ने उसे 100 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार भी किया था। उस मामले में वह कथित तौर पर बच्चों के डायपर में ड्रग्स छिपाकर तस्करी करती थी। लगभग चार साल जेल में रहने के बाद उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली और वह मुंबई आ गई। पुलिस का दावा है कि वह पिछले डेढ़ साल से मुंबई में ड्रग्स पैडलर्स को नशीले पदार्थ सप्लाई कर रही थी।
पुलिस को धोखा देने की तरकीब
गिरफ्तार हुआ दूसरा आरोपी 20 वर्षीय सोहेल सुलेमान शेख, मानसी का पड़ोसी है। जांच में पता चला कि मानसी पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए सोहेल को कभी अपने पति तो कभी भाई के रूप में साथ रखती थी, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सोहेल की भूमिका सिर्फ ड्रग्स पहुंचाने तक सीमित थी या वह नेटवर्क में और भी सक्रिय था। सूरत पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि ड्रग्स सप्लाई चेन की बाकी कड़ियों का पता लगाया जा सके।
इनपुट: IANS



