महाराष्ट्र: नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके हाथ और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
हमले के समय सुखबीर सिंह बादल के साथ उनकी पत्नी हरसिमरन कौर भी मौजूद थीं। इस घटना के कुछ ही देर पहले बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर परिवार सहित गुरुद्वारे में माथा टेकने और सभी की भलाई के लिए अरदास करने की जानकारी साझा की थी।
हमलावर गिरफ्तार, जांच जारी
नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहन नीलाभ ने बताया कि हमला करने वाले आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है, जो एक निहंग है। उसे घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले लगभग दो साल से गुरुद्वारे में ही काम कर रहा था। हमले की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
इस हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या इस घटना में कोई साजिश शामिल है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने लिया संज्ञान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने नांदेड़ के एसपी से फोन पर बात कर पूरी घटना की जानकारी ली और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की पुष्टि की। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया है कि हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि सुखबीर सिंह बादल की हालत ठीक है।
इनपुट: IANS



