ओडिशा: मृत और रिटायर्ड कर्मचारियों के नाम पर करोड़ों का गबन, सीनियर रेवेन्यू असिस्टेंट गिरफ्तार
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में सरकारी खजाने में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की सेंध लगाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा विजिलेंस विभाग ने एक सीनियर…
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में सरकारी खजाने में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की सेंध लगाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा विजिलेंस विभाग ने एक सीनियर रेवेन्यू असिस्टेंट (SRA) शशिकांत राणा को गिरफ्तार किया है, जिस पर दो अलग-अलग ब्लॉक में तैनाती के दौरान करोड़ों रुपये गबन करने का आरोप है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसे डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से पकड़ा गया।
इस तरह दिया घोटाले को अंजाम
विजिलेंस जांच में पता चला कि शशिकांत राणा ने सरकारी ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) पोर्टल का दुरुपयोग कर इस घोटाले को अंजाम दिया। स्थापना अनुभाग का प्रभारी होने के नाते, उसके पास वेतन, पेंशन, बकाया और अन्य भुगतान प्रोसेस करने की जिम्मेदारी थी। आरोप है कि राणा ने रिटायर्ड हो चुके और मृत कर्मचारियों के नाम पर वेतन, ग्रेच्युटी, अप्रयुक्त अवकाश और पेंशन के फर्जी बिल बनाए।
इसके बाद, वह इन पैसों को असली लाभार्थियों के बजाय अपने और परिवार के सदस्यों के निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कर देता था। उसने अपनी पत्नी, पिता, भाई और एक अन्य रिश्तेदार के खातों का इस्तेमाल किया, जो केंद्रपाड़ा स्थित एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक में थे। रकम को एनईएफटी के जरिए ट्रांसफर किया गया था।
दो ब्लॉकों में तैनाती के दौरान हेराफेरी
जांच के अनुसार, राणा ने दो अलग-अलग कार्यकालों में व्यवस्थित तरीके से इस हेराफेरी को अंजाम दिया।
- राजकनिका ब्लॉक: 30 अगस्त 2023 से 4 सितंबर 2024 के बीच उसने 1,46,68,118 रुपये का गबन किया।
- डेराबिश ब्लॉक: 7 जनवरी 2025 से 13 अक्टूबर 2025 तक उसने 1,56,97,725 रुपये की हेराफेरी की।
इस तरह उसने कुल 3,03,65,843 रुपये की सरकारी राशि का गबन किया। आरोपी के खिलाफ कटक विजिलेंस थाने में मामला दर्ज किया गया है और उसे गुरुवार को कटक के विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) की अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
इनपुट: IANS



