भ्रष्टाचार जांच: श्रीलंका की पूर्व प्रथम महिला शिरंती राजपक्षे गिरफ्तार, अदालत में अग्रिम जमानत पर होनी थी सुनवाई
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के परिवार पर चल रही भ्रष्टाचार की जांच ने एक नया मोड़ ले लिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व प्रथम महिला शिरंती राजपक्षे (73) को…
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के परिवार पर चल रही भ्रष्टाचार की जांच ने एक नया मोड़ ले लिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व प्रथम महिला शिरंती राजपक्षे (73) को रिश्वतखोरी के आरोपों के सिलसिले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी उनके कोलंबो स्थित आवास पर पूछताछ के बाद की गई।
यह पूरा मामला ‘सिरिलिया सविया’ नामक संगठन के वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है, जिससे शिरंती राजपक्षे का संबंध रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिश्वत और भ्रष्टाचार की जांच करने वाले आयोग (CIABOC) के अधिकारियों ने बुधवार सुबह उनके घर पर उनसे पूछताछ की और फिर उन्हें हिरासत में ले लिया।
कानूनी प्रक्रिया और स्वास्थ्य संबंधी कारण
शिरंती राजपक्षे की गिरफ्तारी से ठीक पहले उनकी ओर से अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की गई थी। इस अर्जी पर सुनवाई के लिए मालिगाकांडा मजिस्ट्रेट अदालत ने मंगलवार को वित्तीय अपराध जांच इकाई (FCID) के एक अधिकारी को 12 अक्टूबर को पेश होने का निर्देश दिया था। इससे पहले, FCID ने सितंबर में भी उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया था।
हालांकि, सितंबर में वह शारीरिक दिक्कतों के कारण चिकित्सा उपचार के लिए सिंगापुर गई थीं और 5 अक्टूबर को ही श्रीलंका वापस लौटी थीं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्हें 13 अक्टूबर को FCID के समक्ष पेश होना था, लेकिन उससे पहले ही यह गिरफ्तारी हो गई।
इनपुट: IANS



