यमन के पास 22 भारतीय नाविक बंधक, सोमाली समुद्री डाकुओं ने दो जहाज़ों को किया अगवा
यमन के पास समुद्री क्षेत्र में दो जहाजों के अपहरण के बाद 22 भारतीय चालक दल के सदस्य सोमाली समुद्री डाकुओं के कब्जे में हैं। फॉरवर्ड सीमेंस यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के महासचिव मनोज यादव ने बताया है कि…
यमन के पास समुद्री क्षेत्र में दो जहाजों के अपहरण के बाद 22 भारतीय चालक दल के सदस्य सोमाली समुद्री डाकुओं के कब्जे में हैं। फॉरवर्ड सीमेंस यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के महासचिव मनोज यादव ने बताया है कि 20 अगस्त से इन नाविकों का अपने परिवारों से संपर्क टूट गया है, जिसके बाद से परिजन बेहद चिंतित हैं और दहशत में हैं।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित परिवारों ने यूनियन से मदद की गुहार लगाई है। यूनियन के महासचिव मनोज यादव ने दावा किया है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। उनके मुताबिक, अप्रैल महीने से ही 30 से ज़्यादा अन्य भारतीय नाविक भी इन्हीं समुद्री लुटेरों की कैद में हैं।
परिवारों में डर और चिंता का माहौल
मनोज यादव ने कहा, "परिवार के सदस्यों ने एफएसयूआई में अपील की कि 20 अगस्त को शाम करीब 6 बजे से उनके रिश्तेदार संपर्क में नहीं हैं। पहले वे मोबाइल पर बात कर रहे थे, लेकिन उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हुआ।" उन्होंने बताया कि मीडिया में खबरें देखने के बाद डरे हुए परिवारों ने यूनियन से इस मुद्दे को सही अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया। परिवारों ने यूनियन को कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी हैं, लेकिन बंधक बनाए गए नाविकों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
सरकार के प्रयासों पर नज़र
यादव ने विदेश मंत्रालय और सीरिया स्थित भारतीय दूतावास के बयानों का उल्लेख किया, जिसमें कहा गया है कि वे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और स्थानीय सरकार के साथ समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह बहुत अच्छा है। बस एक ही बात है, हम क्या करने वाले हैं? हम कैसे काम करने वाले हैं? क्या हम उनकी बातचीत और प्रस्ताव का इंतजार करेंगे?"
FSUI महासचिव के अनुसार, समुद्री लुटेरे फिरौती की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवारों में इस बात को लेकर भी भ्रम है कि ईरान या अमेरिकी नौसेना पर कैसे भरोसा किया जाए, क्योंकि उनके अनुसार पहले की घटनाओं में दोनों देशों की कार्रवाइयों में भारतीय नाविकों की जान जा चुकी है। उन्होंने 22 अप्रैल की एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया, जिसमें एक जहाज पर लगातार एक घंटे से ज्यादा फायरिंग की गई थी, जिस पर 21 भारतीय सवार थे।
इनपुट: IANS



