जापान में अमेरिकी मिसाइल सिस्टम: रूस ने सैन्य अभ्यास पर जताई आपत्ति, चेतावनी भी दी
जापान के क्यूशू द्वीप पर एक सैन्य अभ्यास के लिए अमेरिकी टाइफॉन मिसाइल सिस्टम की तैनाती ने रूस की चिंता बढ़ा दी है। रूस ने इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी है और कहा है कि उसे जापान की…
जापान के क्यूशू द्वीप पर एक सैन्य अभ्यास के लिए अमेरिकी टाइफॉन मिसाइल सिस्टम की तैनाती ने रूस की चिंता बढ़ा दी है। रूस ने इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी है और कहा है कि उसे जापान की मौजूदा सरकार के वादों पर भरोसा नहीं है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, रूस के उप विदेश मंत्री आंद्रे रुडेंको ने स्पष्ट किया है कि यदि अभ्यास समाप्त होने के बाद इन मिसाइल सिस्टम को नहीं हटाया गया तो रूस इसका जवाब ज़रूर देगा। रुडेंको ने रूसी अखबार 'इजवेस्तिया' को दिए एक इंटरव्यू में यह बात कही, जिसका हवाला रूसी समाचार एजेंसी 'तास' ने दिया है।
रूस का अविश्वास और चेतावनी
उप विदेश मंत्री आंद्रे रुडेंको ने कहा, “जापानी अधिकारियों ने हमसे वादा किया है कि सैन्य अभ्यास खत्म होने के बाद इन मिसाइलों को वहां से हटा लिया जाएगा।” हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी जोड़ा, “दुर्भाग्य से हमें जापान की मौजूदा सरकार पर बहुत कम भरोसा है। इसलिए हमने चेतावनी दी है कि ऐसी कार्रवाइयों का जवाब जरूर दिया जाएगा।” रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने भी कहा कि इस तरह की तैनाती से क्षेत्र में रूस के हितों और उसकी सुरक्षा को खतरा है।
सैन्य अभ्यास की जानकारी
अमेरिकी सेना ने जून से सितंबर के बीच होने वाले सैन्य अभ्यास के लिए जापान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित क्यूशू द्वीप पर अपने टाइफॉन मिसाइल सिस्टम को तैनात करने की योजना बनाई थी। टाइफॉन सिस्टम को मध्यम और कम दूरी की मिसाइलें दागने के लिए डिज़ाइन किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अभ्यास के दौरान टाइफॉन के साथ हिमर्स मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर की तैनाती की भी योजना थी। रूस ने इन मिसाइल सिस्टम को जापान से हटाने की मांग की है।
इनपुट: IANS



