यूक्रेन का पलटवार: रूस के 600 किमी अंदर सैन्य ठिकानों और तेल भंडारों पर लंबी दूरी के हमले
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ऐलान किया है कि उनका देश युद्ध को वापस रूस की धरती पर ले जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की ने पुष्टि की कि यूक्रेन अपनी…
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ऐलान किया है कि उनका देश युद्ध को वापस रूस की धरती पर ले जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की ने पुष्टि की कि यूक्रेन अपनी लंबी दूरी की मारक क्षमता का इस्तेमाल कर रूस के उन ठिकानों को निशाना बना रहा है, जो युद्ध को ईंधन और संसाधन मुहैया करा रहे हैं।
शनिवार रात हुए हमलों का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि अग्रिम मोर्चे से 600 किलोमीटर से भी ज्यादा दूर स्थित दो अहम रूसी ठिकानों पर हमला किया गया। इनमें सारातोव शहर की एक ऑयल रिफाइनरी और एंगेल्स सैन्य एयर बेस शामिल हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "हम रूस के उन ठिकानों पर अपनी लंबी दूरी की कार्रवाई जारी रखे हुए हैं, जो युद्ध को सहारा देते हैं और इस आक्रमण के लिए धन जुटाते हैं।"
लक्षित हमले और सैन्य क्षमता
जेलेंस्की ने बताया कि कलुगा क्षेत्र में ल्यूडिनोव्स्काया ऑयल डिपो के ईंधन भंडारण केंद्र को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा, ब्रायंस्क क्षेत्र में एक ऐसी जगह पर सटीक हमला किया गया, जिसका इस्तेमाल रूस हमलावर ड्रोनों को रखने, तैयार करने और लॉन्च करने के लिए करता था। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपनी सेना की सराहना करते हुए कहा, "यूक्रेन की रक्षा सेनाओं के सभी जवानों का धन्यवाद, जो हमारी लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता को लगातार बढ़ा रहे हैं और सटीक नतीजे दे रहे हैं।"
रूस पर और प्रतिबंधों की मांग
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस बात पर भी जोर दिया कि रूस की कई ऐसी कंपनियां अब भी प्रतिबंधों से बची हुई हैं, जो ड्रोन, मिसाइल और गाइडेड बमों के लिए पुर्जे बनाकर युद्ध में मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि रूस अपनी बैलिस्टिक हथियार क्षमता और उत्पादन बढ़ाने में लगातार निवेश कर रहा है। जेलेंस्की ने कहा, "रूस के रक्षा उद्योग के हर हिस्से पर दबाव बनाना जरूरी है। यही दबाव आखिरकार हमारे लोगों पर होने वाले हमलों की संख्या कम करने में मदद करेगा।"
यूक्रेन पर रूसी हमलों का ज़िक्र
जेलेंस्की ने यह भी बताया कि यूक्रेन पर रूसी हमले लगातार जारी हैं। रविवार को सुमी पर हवाई बमों से हमला किया गया, जबकि ब्रोवरी में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इसके अतिरिक्त, खार्किव शहर और क्षेत्र, साथ ही ओडेसा, जापोरिज्जिया और नीप्रो क्षेत्रों को भी रूसी हमलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि बीते हफ्ते 1,500 से ज्यादा जगहों को नुकसान पहुंचा, जिनमें सैकड़ों रिहायशी इमारतें भी शामिल हैं।
इनपुट: IANS



