धोनी ने शुरू की रिटायरमेंट की तैयारी

326

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रिटायरमेंट की तैयारी कर ली है। क्रिकेट के बाद नए बिजनेस पर काम भी शुरू कर दिया है। खबर के अनुसार धोनी अपने गृहनगर रांची में एक फाइव स्टार होटल खोलने जा रहे हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों धोनी की कंपनी ‘रीति ट्रेवल एवं टिकटिंग प्राइवेट लिमिटेड’ ने यहां फाइव स्टार होटल खोलने का निर्णय लिया था। जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। होटल निर्माण में करीब तीन सौ करोड़ रुपए का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है। जानकारी के लिए बता दें कि धोनी झारखंड मोमेंटम के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। पूर्व कप्तान धोनी खुद झारखंड में हुए ग्लोबल निवेश समिट में शामिल हुए थे। धोनी के इस होटल में करीब पांच सौ लोगों को नौकरी मिलने की बात कही गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार होटल निर्माण के लिए ‘रीति ट्रेवल एवं टिकटिंग प्राइवेट लिमिटेड’ ने धुर्वा में ज्यूडिशियल अकादमी के पास करीब पांच एकड़ जमीन चुनी है। वर्तमान में ये जमीन पर्यटन विभाग के पास है। जिसपर निर्णय सरकार को करना है।

खबर के अनुसार धोनी की कपंनी के प्रमोटर अरुण पांडे ने कहा, ‘जमीन आवंटित होते ही होटल का काम शुरू कर दिया जाएगा। मामला अभी सरकार के पास अधर में लटका है। हम स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स वियर फैक्ट्री भी खोलने की योजना बना रहे हैं।’ आपको बता दें कि धोनी ने हाल के दिनों में रांची के न्यूक्लिअस मॉल में एक स्पोर्ट्स स्टोर का उद्घाटन किया था। जिसमें धोनी ब्रांड अंबेस्डर के साथ स्टोर के पार्टनर भी हैं। सूत्रों की मानें तो धोनी साल 2020 तक 275 स्टोर और खोलने की योजना बना रहे हैं। हालांकि ये स्टोर सिर्फ रांची में खुला है।