बुधवार, 26 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

रक्षाबंधन से पहले गाजियाबाद-नोएडा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1100 किलो मिलावटी रसगुल्ला नष्ट

रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए गाजियाबाद और नोएडा में बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत कुल 11 क्विंटल (1100 किलो) से ज़्यादा संदिग्ध और…

रक्षाबंधन से पहले गाजियाबाद-नोएडा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1100 किलो मिलावटी रसगुल्ला नष्ट
(फोटो: IANS)

रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए गाजियाबाद और नोएडा में बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत कुल 11 क्विंटल (1100 किलो) से ज़्यादा संदिग्ध और मिलावटी रसगुल्ला नष्ट किया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन मिठाइयों को बनाने में खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो सेहत के लिए बेहद हानिकारक हैं।

विज्ञापन

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर स्थित सचिन छेना स्टोर पर सोमवार शाम को खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। यह फर्म सर्वोदय नगर निवासी उदय सिंह की बताई जा रही है। मौके पर अधिकारियों को करीब 10 क्विंटल (1000 किलो) रसगुल्ला मिला, जिसकी गुणवत्ता पहली नज़र में ही मानकों के खिलाफ पाई गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे माल को नष्ट करा दिया ताकि उसे बाजार में न बेचा जा सके।

हानिकारक केमिकल का हो रहा था इस्तेमाल

खाद्य विभाग के अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देशों पर की जा रही है। उन्होंने कहा, "हमें शिकायत मिली थी कि इस परिसर में बड़ी मात्रा में छेना रसगुल्ला तैयार किया जा रहा है।" जांच में पता चला कि पनीर को मैश करके उसमें स्टार्च मिलाया जा रहा था। इसे सफेद दिखाने और लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए 'सोडियम फॉर्मेल्डिहाइड सल्फोक्सिलेट' नामक केमिकल का इस्तेमाल हो रहा था, जो एक ब्लीचिंग एजेंट और प्रिजर्वेटिव का काम करता है।

अधिकारी ने आगे बताया, "फिलहाल हम इनका लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।" टीम ने मौके से रसगुल्ला, अरारोट, पनीर और सेफोलाइट (जिसमें यह केमिकल होता है) के चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

नोएडा में भी 100 किलो रसगुल्ला नष्ट

गाजियाबाद के अलावा नोएडा में भी खाद्य विभाग सक्रिय रहा। यहाँ सरफाबाद सेक्टर-72 में एक रसगुल्ला निर्माणशाला पर छापा मारा गया। अधिकारियों ने पाया कि वहां गंदगी के बीच मिठाइयां बन रही थीं और रसगुल्लों पर मक्खी-मच्छर भिनभिना रहे थे। टीम ने करीब 100 किलो दूषित रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट करा दिए। नोएडा में कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें जेवर टोल प्लाजा से पनीर और सेक्टर-134 से घेवर के सैंपल शामिल हैं।

त्योहारों पर मिलावट के खिलाफ अभियान तेज

यह कार्रवाई एक बड़े अभियान का हिस्सा है। करीब चार दिन पहले मोदीनगर के भोजपुर इलाके में भी बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर और मावा जब्त किया गया था। त्योहारों के मद्देनजर गाजियाबाद के डीएम रवींद्र कुमार मांदड़ ने खाद्य विभाग को मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। सैंपल की रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →