‘Rajasthan में पेपर के बाद बजट भी लीक हो गया’ Satish Poonia ने विधानसभा में निभाई नेता प्रतिपक्ष की भूमिका

7
‘Rajasthan में पेपर के बाद बजट भी लीक हो गया’ Satish Poonia ने विधानसभा में निभाई नेता प्रतिपक्ष की भूमिका

‘Rajasthan में पेपर के बाद बजट भी लीक हो गया’ Satish Poonia ने विधानसभा में निभाई नेता प्रतिपक्ष की भूमिका


जयपुर:राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रहे गुलाबचंद कटारिया की नियुक्ति राज्यपाल पद पर हो गई है। ऐसे में वे सदन में प्रदेश सरकार पर सियासी हमले नहीं कर सके। एक संवैधानिक पद पर होने की वजह से कटारिया ने मुख्यमंत्री के बजट भाषण पर अपना पक्ष नहीं रखा। बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की। पूनिया ने प्रदेश में हुए गैंगवार, तुष्टिकरण, पेपर लीक और महिलाओं अत्याचारों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर सवाल उठाए। सीकर में हुई गैंगवार की घटना सहित कुछ घटनाओं का जिक्र भी किया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक पूनिया ने केन्द्र की मोदी सरकार के योजनाओं की तारीफ भी की।

पेपर लीक के बाद बजट भी लीक हो गया

सतीश पूनिया ने अपने संबोधन में सरकार को पेपर लीक मामले पर खूब कोसा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में राजस्थान पहले नम्बर पर है। लाखों विद्यार्थी अपना भविष्य संवारने के लिए घर से दूर रहकर कोचिंग करते हैं, प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयार करते हैं। जब वे परीक्षा केन्द्र पर पहुंचते हैं, तब पता चलता है कि पेपर तो लीक हो गया। पूनिया ने कहा कि अब तक तो पेपर लीक होता आया था। अब तो बजट लीक भी होने लगा। देश में पहली बार ऐसा हुआ है, जब बजट की गोपनीयता भंग हुई है। यह संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन है।

राजस्थान में ऐसा कभी नहीं देखा गया: सतीश पूनिया

कानून व्यवस्था को लेकर सतीश पूनिया ने सरकार पर कई आरोप लगाए। दिसंबर 2022 में सीकर में राजू ठेहट की हत्या करने वाले बदमाशों ने भागते समय एक छात्रा के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर पूनिया ने कहा कि अगर प्रदेश की सुख शांति और समृद्धि को ग्रहण लगेगा तो यहां निवेश नहीं हो सकेगा। प्रदेश में राजनैतिक संरक्षण में लगातार बजरी माफिया, नकल माफिया और गैंगवार की घटनाओं को रोकने में पुलिस विफल रही है। पूनिया ने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ने के बावजूद भी पुलिस का बजट महज 3 प्रतिशत है।

सरकार ने प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाया

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान का कर्ज लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश का राजकोषीय घाटा बढ़कर 5 लाख 80 हजार करोड़ रुपए हो गया है। राजस्थान में किसी भी बच्चे के जन्म लेते ही उस पर 90 हजार रुपए का कर्जा हो जाएगा। इससे यह साबित होता है कि राज्य का आर्थिक तंत्र कितना कमजोर है। हिन्दुस्तान की बेरोजगारी दर 7 प्रतिशत है, जबकि राजस्थान की बेरोजगारी दर 28 फीसदी है। चुनावों के समय राहुल गांधी ने 10 तक गिनती गिनते हुए कहा था कि किसानों का कर्ज 10 दिन में माफ कर दिया जाएगा। पिछले चार साल में किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ। गत चार साल में 18 हजार किसानों की जमीनें नीलाम हुई हैं, जबकि 200 किसान आत्महत्या कर चुके हैं।

मोदी सरकार की तारीफ की सतीश पूनिया ने
केन्द्र सरकार की तारीफ करते हुए सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 55 साल तक राज किया लेकिन महिलाओं की परेशानी को ध्यान में नहीं रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता में आते ही देश में 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण करवाया। अब महिलाओं को निवृत होने के लिए शाम होने का इंतजार नहीं करना पड़ता। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए केन्द्र की मोदी सरकार ने बैंक खातों के जरिए सीधा पेमेंट करने की सुविधा शुरू की। कोविड काल में जब कई देश दूसरे विकसित देशों की ओर ताक रह थे तब मोदी जी के प्रयास से भारत के वैज्ञानिकों ने दो वैक्सीन इजाद की। सिर्फ 90 दिन में वैक्सीन तैयार करके देश को सुपूर्द की। देश के करोड़ों नागरिकों के साथ विदेशों में भी यहां से वैक्सीन भेजी गई। (रिपोर्ट – रामस्वरूप लामरोड़, जयपुर)

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News