महाराष्ट्र और बंगाल का जिक्र कर राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर निशाना, 'वोट चोरी' का लगाया आरोप
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर कर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के…
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर कर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों में संशोधन को लेकर गंभीर सवाल उठाए और इसे 'वोट चोरी' करार दिया।
कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में कहा, "भाजपा और 'वोट चोरी आयोग' के तरीके लगातार बदलते रहते हैं, लेकिन उनका मकसद एक ही है किसी भी कीमत पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना और भारत के लोकतंत्र को खत्म करना।" उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह बनी सरकारें जनता की आवाज नहीं सुनती हैं।
महाराष्ट्र के मतदाता आंकड़ों पर सवाल
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की मतदाता सूची का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि ड्राफ्ट सूची से राज्य के 2.07 करोड़ मतदाताओं के नाम गायब हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग पांचवां हिस्सा है। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में महाराष्ट्र में 9.29 करोड़ मतदाता थे, जो विधानसभा चुनाव 2024 तक बढ़कर 9.70 करोड़ हो गए। हालांकि, 2026 की विशेष पुनरीक्षण सूची में यह संख्या घटकर 7.78 करोड़ रह गई है। उन्होंने सवाल किया कि इन तीनों में से सही मतदाता सूची कौन सी है?
उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 का भी हवाला दिया और कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच अचानक 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए थे, जिसे उन्होंने उस समय भी 'वोट चोरी' बताया था और आज भी अपने आरोप पर कायम हैं।
पश्चिम बंगाल का उदाहरण
अपने आरोपों को पुष्ट करने के लिए राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में हुई एक विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए 91 प्रतिशत नाम अपील के बाद फिर से जोड़ दिए गए। कांग्रेस सांसद के अनुसार, इसका सीधा मतलब यह है कि हर 10 में से 9 नाम गलत तरीके से हटाए गए थे, जिन्हें बाद में चुनाव प्रक्रिया के बाद वापस जोड़ा गया।
इनपुट: IANS



