AIIMS पटना अब ECHS पैनल में शामिल, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को मिलेगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा
बिहार और पड़ोसी राज्यों में रहने वाले लाखों पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। एक लंबे इंतजार के बाद, पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञ
बिहार और पड़ोसी राज्यों में रहने वाले लाखों पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। एक लंबे इंतजार के बाद, पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) के पैनल में शामिल कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह फैसला पूर्व सैनिकों को अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
रक्षा मंत्रालय ने इस निर्णय को राष्ट्र की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों के प्रति देश की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है। इस कदम से अब बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों के ECHS लाभार्थियों को विशेष और जटिल इलाज के लिए दिल्ली या अन्य राज्यों के बड़े अस्पतालों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
12 वर्षों के इंतजार के बाद मिली सौगात
साल 2012 में स्थापित हुए एम्स पटना को ECHS नेटवर्क से जुड़ने में 12 साल का लंबा वक्त लगा। इस जुड़ाव से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अब अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे न केवल गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज सुनिश्चित होगा, बल्कि इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च और लंबी यात्रा की परेशानियाँ भी कम होंगी।
इन बीमारियों के इलाज में मिलेगी बड़ी राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि एम्स पटना के ECHS पैनल में आने से हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, और ऑर्थोपेडिक्स जैसी गंभीर और जटिल बीमारियों से जूझ रहे पूर्व सैनिकों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल पाएगा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, एम्स पटना अपनी उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं, आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय रोगी देखभाल के लिए जाना जाता है, जिसका सीधा लाभ अब सैनिक समुदाय को मिलेगा। मंत्रालय ने इसे उन वीर सैनिकों के सम्मान और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करने वाला कदम बताया है, जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया।
इनपुट: IANS



