बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
पंजाब

CM भगवंत मान को एयरपोर्ट पर रोकने और जुर्माना लगाने के पीछे केंद्र का दबाव: मीडिया सलाहकार

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विदेश दौरे से लौटने पर एयरपोर्ट पर हुई कार्रवाई को लेकर उनके मीडिया सलाहकार बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पन्नू के मुताबिक, मुख्यमंत्री को न…

CM भगवंत मान को एयरपोर्ट पर रोकने और जुर्माना लगाने के पीछे केंद्र का दबाव: मीडिया सलाहकार
(फोटो: IANS)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विदेश दौरे से लौटने पर एयरपोर्ट पर हुई कार्रवाई को लेकर उनके मीडिया सलाहकार बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पन्नू के मुताबिक, मुख्यमंत्री को न सिर्फ तीन घंटे तक हवाई अड्डे पर रोका गया, बल्कि उन पर 50,000 रुपये का कस्टम जुर्माना भी लगाया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश करार दिया है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पटियाला में मीडिया से बात करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि यह व्यवहार इसलिए हो रहा है क्योंकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का विदेश दौरा पंजाब के उत्पादों को बढ़ावा देने और राज्य के लिए निवेश आकर्षित करने के मकसद से था, लेकिन केंद्र सरकार नहीं चाहती कि पंजाब में बाहरी निवेश आए।

विदेश दौरे में बाधा डालने का आरोप

पन्नू ने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री के विदेश दौरे में अड़चन डाली गई हो। उन्होंने कहा कि सीएम मान ने पंजाब में निवेश और उद्योग लाने के लिए कम से कम चार-पांच बार विदेश यात्रा की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें इजाजत नहीं दी गई। हाल ही में दुनिया के सबसे बड़े खाद्य महोत्सव में शामिल होने के लिए भी उन्हें अदालत से अनुमति लेनी पड़ी थी। उन्होंने यह भी कहा कि विदेश में प्रोटोकॉल के तहत कॉन्सुलेट जनरल को सीएम के स्वागत के लिए आना चाहिए था, जो नहीं हुआ।

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे पर सवाल

बलतेज पन्नू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे और राज्य में नशे की स्थिति पर उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री देश में कहीं भी जा सकते हैं, लेकिन इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। पन्नू ने 2007 से 2017 के बीच अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान नशे की समस्या बढ़ी, लेकिन भाजपा ने इसका विरोध नहीं किया।

उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले 700 से अधिक किसानों का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या गृह मंत्री किसी एक किसान के परिवार से मिलने गए थे? पन्नू ने बताया कि पंजाब सरकार ने प्रभावित किसान परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा और एक-एक सदस्य को नौकरी दी है।

नशे के खिलाफ पंजाब की लड़ाई

नशे के खिलाफ कार्रवाई पर अमित शाह के सवालों का जवाब देते हुए पन्नू ने कहा कि गृह मंत्रालय के पास राज्य में पकड़े गए लोगों और बरामद हेरोइन के पूरे आंकड़े मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “पंजाब सीमा पार से आने वाली हेरोइन को रोककर पूरे देश की लड़ाई लड़ रहा है, क्योंकि यह खेप सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि देश के दूसरे हिस्सों में भी पहुंच सकती थी।” उन्होंने कहा कि यदि इन आंकड़ों पर सवाल उठाए जा रहे हैं तो इसका मकसद राजनीतिक हो सकता है।

इनपुट: IANS

N

News4Social पंजाब डेस्क

News4Social पंजाब डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पंजाब से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →