पंजाब: पराली जलाने पर बड़ी कार्रवाई, 2252 किसानों पर 1.12 करोड़ का जुर्माना, वसूले गए ₹40 लाख
पंजाब में धान की कटाई का सीजन लगभग खत्म होने के साथ ही पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन की सख्ती जारी है। राज्य में इस सीजन में पराली जलाने के 6,400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जिसके बाद 2,252…
पंजाब में धान की कटाई का सीजन लगभग खत्म होने के साथ ही पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन की सख्ती जारी है। राज्य में इस सीजन में पराली जलाने के 6,400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जिसके बाद 2,252 किसानों पर 1.12 करोड़ रुपये से अधिक का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया गया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 16 नवंबर 2026 तक की स्थिति में यह कार्रवाई की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर धान की भूमि में से 98.50 प्रतिशत पर कटाई पूरी हो चुकी है। इस दौरान, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने 5,721 खेतों का निरीक्षण किया, जिनमें से 2,524 जगहों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई। लगाए गए कुल 1 करोड़ 12 लाख 95 हजार रुपये के जुर्माने में से अब तक 40 लाख 60 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है।
कानूनी कार्रवाई और रेड एंट्री
पर्यावरणीय मुआवजे के अलावा, इन मामलों में अन्य कानूनी कदम भी उठाए गए हैं। प्रशासन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत 1,971 मामले दर्ज किए हैं। इसके साथ ही, किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में 2,066 'रेड एंट्री' भी दर्ज की गई हैं। अधिकारियों को 1,607 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की धारा 14 के तहत निगरानी अधिकारियों के खिलाफ भी 35 मामलों में अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है, हालांकि किसी अधिकारी पर चार्जशीट या निलंबन की कार्रवाई नहीं हुई है।
कौन से जिले सबसे ज्यादा प्रभावित?
आंकड़ों के अनुसार, पराली जलाने की सबसे ज्यादा घटनाएं फिरोजपुर जिले में दर्ज की गईं, जहां 847 मामले सामने आए। इसके बाद संगरूर (741), तरनतारन (705), और बठिंडा (591) का स्थान है। पटियाला जिला 416 मामलों के साथ पांचवें स्थान पर है। अकेले पटियाला में 170 किसानों पर 8.45 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 3.10 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं और 222 FIR दर्ज की गई हैं।
इनपुट: IANS



