सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी: BJP का आरोप - 'AAP के लिए पंजाब में कलेक्शन एजेंट का काम कर रहे हैं'
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े कथित घोटाले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर…
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े कथित घोटाले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया है कि सत्येंद्र जैन अब पंजाब में AAP के लिए 'कलेक्शन एजेंट' के तौर पर काम कर रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा ने केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का एक ऐसा मॉडल बनाने का आरोप लगाया है, जिसमें राजनेता और अधिकारी मिलकर काम करते हैं।
'केजरीवाल ने चलाई भ्रष्टाचार की दुकान': स्वाति मालीवाल
भाजपा सांसद स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया, "दिल्ली में पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार की दुकान चलाई। चाहे स्कूलों में क्लासरूम बनाने का घोटाला हो, शराब घोटाला हो या अनगिनत दूसरे घोटाले — उन्होंने सब किया।" उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए कभी कोई मंत्रालय नहीं संभाला और अपने मंत्रियों से भ्रष्टाचार करवाया। मालीवाल के अनुसार, "जैसे ही कोई मंत्री पकड़ा जाता, वे सारा दोष उसी मंत्री पर मढ़ देते थे।"
डीजेबी घोटाले को यमुना की सफ़ाई से जोड़ते हुए उन्होंने कहा, "केजरीवाल को लगा कि यमुना से वोट नहीं मिलेंगे, तो क्यों न इससे नोट कमाया जाए? इसीलिए उन्होंने यह भ्रष्टाचार करवाया।" स्वाति मालीवाल ने यह भी दावा किया कि दिल्ली में अपनी 'दुकान' बंद होने के बाद केजरीवाल ने पंजाब में 'भ्रष्टाचार के बड़े मॉल' खोल दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया, "सत्येंद्र जैन पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। ... अगर यह सच नहीं है, तो उन्हें चंडीगढ़ में मंत्रियों से भी ज्यादा आलीशान बंगला क्यों दिया गया है? जबकि वह सिर्फ दिल्ली से एक पूर्व विधायक हैं।"
'भ्रष्टाचार की किताब' के डायरेक्टर हैं केजरीवाल: BJP
स्वाति मालीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने "भ्रष्टाचार की किताब, दिल्ली टू पंजाब" नाम की एक फिल्म बनाई है, जिसके डायरेक्टर वह खुद हैं और सत्येंद्र जैन जैसे गिरफ्तार लोग सिर्फ उसके पात्र हैं। वहीं, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि जैन की गिरफ्तारी ने केजरीवाल की 'झूठी ईमानदारी की पोल' खोल दी है। उनके मुताबिक, "कुल मिलाकर, अरविंद केजरीवाल ने सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार का एक ऐसा मॉडल बनाया, जिसमें राजनेता, अधिकारी, ठेकेदार और अन्य लोग शामिल थे।"
पुराना मामला, बदली गईं थीं शर्तें: आर. पी. सिंह
इस मामले पर अधिक जानकारी देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने बताया कि यह एक पुराना मामला है, जो उस समय का है जब सत्येंद्र जैन दिल्ली के जल मंत्री थे। उन्होंने कहा, "उस समय एक कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था और उसकी शर्तें बदली गई थीं। यह करोड़ों का टेंडर था और लगभग 8 लाख रुपये के कुछ लेन-देन का भी पता चला है। उस समय के सीईओ को भी गिरफ्तार किया गया था।"
इनपुट: IANS



