मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

अमित शाह के पंजाब दौरे पर CM भगवंत मान का तीखा हमला, पूछा- 'जब अकाली दल के साथ थे, तब क्यों नहीं की कार्रवाई?'

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य के दौरे पर तीखे सवाल उठाए हैं और भाजपा पर 'घटिया राजनीति' करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शाह के दौरे के मकसद पर सवाल उठाते हुए…

अमित शाह के पंजाब दौरे पर CM भगवंत मान का तीखा हमला, पूछा- 'जब अकाली दल के साथ थे, तब क्यों नहीं की कार्रवाई?'
(फोटो: IANS)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य के दौरे पर तीखे सवाल उठाए हैं और भाजपा पर 'घटिया राजनीति' करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शाह के दौरे के मकसद पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब 2007 से 2017 के बीच शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन में भाजपा की सरकार थी, तब राज्य में नशे के कारोबार पर लगाम क्यों नहीं लगाई गई।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री मान ने कहा, "गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब आए हुए हैं और वो कभी भी पंजाब आ सकते हैं। भाजपा जो ये प्रचार कर रही है कि वो पंजाब बचाने आए हुए हैं, पंजाब को नशामुक्त करने आ रहे हैं तो ऐसे में मेरे एक-दो सवाल गृह मंत्री से हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली-भाजपा शासन के दौरान ही पंजाब में नशा फला-फूला और तब कोई कार्रवाई नहीं की गई।

नशे और किसान आंदोलन पर केंद्र को घेरा

भगवंत मान ने पूर्ववर्ती सरकार के दौरान की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, "तब भी पंजाब में मजीठिया के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग उठती रही लेकिन आपने कोई जांच नहीं की। 2014 में केंद्र में आपकी सरकार आ गई उसके बाद भी पंजाब में नशा इस तरह से चला, बड़े-बड़े नशा तस्कर पंजाब के मंत्रियों के नाम लेते थे, अफसरों के नाम लेते थे, तब आपने पंजाब को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की?"

किसान आंदोलन का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "पंजाब में डेढ़ साल दिल्ली के बॉर्डर पर पंजाब के किसानों का धरना चला, तीन काले कानून के खिलाफ पंजाब के 700 से अधिक किसानों की मौत हुई। आप उनके परिवारों से मिलने के लिए क्यों नहीं गए?" मान ने बताया कि उनकी सरकार ने उन सभी परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए और एक सरकारी नौकरी देकर सहायता की है।

सीमा सुरक्षा और अन्य मुद्दों पर आरोप

मुख्यमंत्री ने केंद्र पर पंजाब की सुरक्षा मांगों को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैंने पहले भी केंद्र सरकार से कहा था कि पाकिस्तान का जो 500 किलोमीटर से ज्यादा का बॉर्डर पंजाब से सटा है, वहां पर आप एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात कर दें लेकिन आपने तैनात नहीं किया। पंजाब सरकार ने वहां अपना एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाया है।"

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड मामले का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि उनकी सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी है, लेकिन शाह को पंजाब आकर लोगों को भड़काना नहीं चाहिए। उन्होंने चंडीगढ़ के मुद्दे पर भी केंद्र को घेरते हुए कहा, "जब चंडीगढ़ को पंजाब से छीनने की बात होती है तब क्यों नहीं आप पंजाब को बचाने की बात करते हैं?" उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ 'युद्ध नशेया विरोध' मुहिम चला रही है और एनडीपीएस एक्ट को और सख्त करने की जरूरत है।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →