सोनिया गांधी ने किताब में बताया: राजीव गांधी की हत्या के बाद DMK से गठबंधन क्यों था 'नैतिक और भावनात्मक रूप से कठिन'
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि उनके लिए द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के साथ गठबंधन करना कितना मुश्किल भरा फैसला था, खासकर जब उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी…
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि उनके लिए द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के साथ गठबंधन करना कितना मुश्किल भरा फैसला था, खासकर जब उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से जुड़ी यादें सामने थीं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में उस दौर की अपनी दुविधा और भावनाओं का जिक्र किया है।
यह वाकया 2000 के दशक की शुरुआत का है, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ एक मजबूत विपक्षी मोर्चा बनाने की कोशिशें चल रही थीं। सोनिया गांधी ने लिखा है कि इस राजनीतिक जरूरत के बावजूद, DMK के साथ हाथ मिलाने का विचार उन्हें परेशान कर रहा था। इसकी वजह राजीव गांधी की हत्या से जुड़े तार थे।
राजीव गांधी की हत्या और DMK का संदर्भ
सोनिया गांधी ने याद किया कि 1991 के चुनावों के दौरान DMK के कई कार्यकर्ताओं को लिट्टे का समर्थक माना जाता था। लिट्टे वही संगठन है जिसे राजीव गांधी की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। उन्होंने यह भी लिखा कि उस समय उनकी पार्टी के कुछ लोगों ने राजीव गांधी को धमकियां भी दी थीं।
इस मामले में 1997 में आई जैन आयोग की रिपोर्ट एक महत्वपूर्ण मोड़ थी, जिसमें DMK के एक नेता पर तमिल उग्रवादियों को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देने का आरोप लगा था। इसी रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस ने तत्कालीन आई.के. गुजराल सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। सोनिया गांधी ने लिखा, "जब ये दर्दनाक यादें दोबारा सामने आईं तो मैं खुद से पूछती थी कि मुझे क्या करना चाहिए? अगर मैं उनके साथ गठबंधन करती हूं तो क्या यह राजीव के साथ विश्वासघात नहीं होगा?"
गठबंधन का फैसला और करुणानिधि को फोन
अंततः, सोनिया गांधी ने एक बड़े राजनीतिक लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया। उन्होंने सोचा कि यदि भाजपा के खिलाफ मोर्चा मजबूत करने के लिए यह जरूरी होता, तो शायद राजीव गांधी भी इस गठबंधन का समर्थन करते। उन्होंने अपनी किताब में उस क्षण का जिक्र किया है जब उन्होंने भारी मन और कांपते हाथों से पहली बार DMK प्रमुख एम. करुणानिधि को फोन किया। उन्होंने बताया कि दोनों की भाषा अलग होने के बावजूद उनकी बातचीत सौहार्दपूर्ण रही।
बाद में कई बैठकों के दौरान कला, साहित्य और तमिल संस्कृति जैसे विषयों पर चर्चा से दोनों नेताओं के बीच समझ बढ़ी और रिश्ते मधुर हुए। इसी सियासी जमीन पर 4 मई 2004 को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) का औपचारिक गठन हुआ।
DMK की प्रतिक्रिया
सोनिया गांधी के इन खुलासों पर प्रतिक्रिया देते हुए DMK नेता टीकेएस इलंगोवन ने कहा कि उस समय तमिलनाडु में भाजपा का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के पास DMK के साथ गठबंधन के अलावा कोई दूसरा व्यावहारिक विकल्प नहीं था। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि DMK ने हमेशा श्रीलंकाई तमिलों के मुद्दे का समर्थन किया, लेकिन राजीव गांधी की हत्या का कभी समर्थन नहीं किया।
इनपुट: IANS



