IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला: आरोपी प्रोफेसर ने पूछताछ में कहा- मैंने सिर्फ हॉल से बाहर जाने को कहा था
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जारी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला ने पूछताछ…
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जारी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला ने पूछताछ के दौरान खुद पर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने पर उन्होंने साहिल को सिर्फ हॉल से बाहर जाने के लिए कहा था।
साहिल के माता-पिता ने अपनी शिकायत में प्रोफेसर डूला पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। इसी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर से घटना से पहले साहिल के साथ हुई बातचीत और पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल-जवाब किए। अब तक इस मामले में लगभग 60 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
पूछताछ में प्रोफेसर ने क्या कहा?
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, प्रोफेसर डूला ने अपने बयान में बताया कि परीक्षा के दौरान उन्होंने साहिल को कथित तौर पर मोबाइल फोन से नकल करते देखा था। उन्होंने कहा कि जब साहिल ने उन्हें देखा तो अपना फोन छिपाने की कोशिश की। प्रोफेसर के मुताबिक, "उन्होंने उससे कुछ नहीं कहा और बस साहिल का परीक्षा पेपर लेकर उसे परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा।"
प्रोफेसर डूला ने जातिगत भेदभाव के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि आईआईटी बॉम्बे में अपने पूरे कार्यकाल में उन्होंने कभी किसी छात्र के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया। बयान में उन्होंने कहा, "वह एक शिक्षक हैं और उनका काम छात्रों को पढ़ाना है और सभी छात्र उनके लिए समान हैं।"
क्या है पूरा मामला?
एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे 18 सितंबर की शाम को पवई स्थित कैंपस के अपने हॉस्टल कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे। यह दुखद घटना उनके मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान नकल के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ ही घंटों बाद हुई थी। शुरुआती रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई थी कि वाकोडे ने कथित तौर पर प्रश्न-पत्र को एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए अपने फोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में संस्थान ने इस पर कोई विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
इनपुट: IANS



