Presidential Election 2022: पीएम मोदी के साथ सीएम शिवराज भी हैं द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक, नामांकन हुआ दाखिल | draupadi murmu Presidential Election Nomination shivraj singh chauhan | Patrika News

81

Presidential Election 2022: पीएम मोदी के साथ सीएम शिवराज भी हैं द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक, नामांकन हुआ दाखिल | draupadi murmu Presidential Election Nomination shivraj singh chauhan | Patrika News

भाजपा की ओर से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति पद के लिए चयनित होने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भाजपा सरकार सिर्फ विकास के जरिए नहीं, बल्कि मान-सम्मान और उचित स्थान देकर जनजातीय समाज को ऊपर उठा रही है। इसके बाद शिवराज सिंह दिल्ली पहुंचे। उन्होंने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी के निवास पर पहुंचकर राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की ओर से प्रत्याशी बनाई गई द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र पर प्रथम समर्थक के तौर पर दस्तखत किए। शिवराज ने ट्वीट कर कहा, मेरा परम सौभाग्य है कि भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की द्वितीय महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में प्रथम समर्थक के रूप में हस्ताक्षर करने का अवसर प्राप्त हुआ।

नामांकन दाखिल किया

एनडीए की राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को संसद भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। संसद भवन पहुंचकर द्रौपदी मुर्मू ने महात्मा गांधी, अंबेडकर और बिरसा मुंडा की प्रतकिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा के राज्यों के मुख्यमंत्री, संसद सदस्य भी मौजूद थे। मूर्मू के चार सेट के नामांकन में पहले सेट में पीएम मोदी प्रस्तावक और राजनाथ सिंह अनुमोदक हैं।

ओडिशा की रहने वाली हैं द्रौपदी

राष्ट्रपति पद का चुनाव 18 जुलाई को है। एनडीए ने आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। द्रौपदी का जन्म औडिशा के आदिवासी जिले मयूरभंज के रायरंगपुर गांव में हुआ था। वे झारखंड की पहली महिला राज्यपाल भी रह चुकी हैं। 18 मई 2015 से 12 जुलाई 2021 तक वे इस पद पर रहीं। मुर्मू ओडिशा की पहली आदिवासी नेता एवं ऐसी पहली महिला हैं, जो राज्यपाल पद तक पहुंची थीं। अब वे देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने जा रही हैं।

राष्ट्रपति चुनाव 2022 का पूरा कार्यक्रम

चुनाव की अधिसूचना – 15 जून 2022
नामांकन की अंतिम डेट – 29 जून 2022
नामांकन पत्रों की जांच की अंतिम डेट – 30 जून 2022
नाम वापस लेने की अंतिम डेट – 2 जुलाई 2022
राष्ट्रपति चुनाव 2022 डेट – 18 जुलाई 2022
मतगणना – 21 जुलाई 2022
नए राष्ट्रपति शपथ – 25 जुलाई 2022

अगले माह पूरा हो रहा है कोविंद का कार्यकाल

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भारत के 14वें राष्ट्रपति हैं और उनका कार्यकाल 24 जुलाई, 2022 को पूरा हो रहा है। वे 14 जुलाई 2017 से राष्ट्रपति के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति कोविंद ने अब तक 28 से अधिक देशों का दौरा किया है। इसके साथ ही उन्हें 6 देशों ने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है।



उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News