भारत को नशामुक्त बनाने के लिए PM मोदी करेंगे 100-सप्ताह के महा-अभियान की शुरुआत
भारत के युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें सामाजिक बदलाव का दूत बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बड़े राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ करने जा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की…
भारत के युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें सामाजिक बदलाव का दूत बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बड़े राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ करने जा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी 2 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत करेंगे।
यह पहल एक 100-सप्ताह लंबे जन भागीदारी अभियान की नींव रखेगी, जिसका लक्ष्य देश के कोने-कोने तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना है। इस कार्यक्रम में देश भर में 10,000 से अधिक स्थानों से युवा जुड़ेंगे। इसमें माय भारत वॉलंटियर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन और उद्योग संघों के युवा विंग सहित 125 से ज्यादा साझेदार संगठन वर्चुअली हिस्सा लेंगे।
हर रविवार, नशा मुक्ति पर वार
इस अभियान के तहत अगले 100 हफ्तों तक हर रविवार को देश भर में विशेष साप्ताहिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का मकसद जागरूकता बढ़ाना और नशा-मुक्त समाज बनाने में आम लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देना है। इनमें खेल आयोजन, वॉकथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, समूह चर्चा, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
सबका साथ, नशा मुक्त भारत
इस पहल के जरिए शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक समाज समूहों, उद्योग निकायों और आध्यात्मिक संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर नशे की लत के खिलाफ एक सामूहिक आंदोलन खड़ा करने की योजना है।
केंद्रीय युवा कल्याण और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी एक्स (X) पर एक पोस्ट के माध्यम से इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "कल का दिन भारत की युवा शक्ति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होने जा रहा है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (रविवार) 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस महा-अभियान में वह देशभर के 20 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं को वर्चुअल माध्यम से अपना मार्गदर्शन देंगे।"
इनपुट: IANS



