वडोदरा को मिली 35,000 करोड़ की सौगात, पीएम मोदी ने कहा - 'विकसित भारत के लिए गतिशक्ति जरूरी'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कई योजनाओं का लोकार्पण किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कई योजनाओं का लोकार्पण किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने इन परियोजनाओं को देश को समर्पित किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए गुजरात आए हैं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वडोदरा के लोगों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने शहर में चलाए गए 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान का जिक्र करते हुए कहा, "इस विकास पर्व में आप सभी ने जिस सेवाभाव से पूरे वडोदरा शहर में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाया है, इसके लिए मैं वडोदरा के हर एक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उनकी सराहना करता हूं।"
गतिशक्ति और फ्रेट कॉरिडोर पर जोर
पीएम मोदी ने कनेक्टिविटी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने लाल किले से 'विकसित भारत के लिए संकल्प की सप्तधारा' का आह्वान किया था, जिसमें गतिशक्ति भी एक प्रमुख धारा है। उन्होंने कहा, "विकसित भारत के लिए हमें ऐसी कनेक्टिविटी चाहिए, जो सुगम भी हो और जमाने के हिसाब से जरा तेज भी हो।"
वडोदरा को 'गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर' बताते हुए प्रधानमंत्री ने एक बड़ी उपलब्धि की घोषणा की। उन्होंने कहा, "आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। आज 2,800 किमी से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। ये 21वीं सदी के भारत के लिए बहुत ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ है।"
कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई सांसद और नेता भी उपस्थित थे।
इनपुट: IANS



