विक्रम-1 की सफलता के बाद स्काईरूट के संस्थापकों से मिले PM मोदी, भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर की सराहना की
भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर में अग्रणी स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) के सह-संस्थापकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बैठक में कंपनी की अब तक की यात्रा और भविष्य…
भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर में अग्रणी स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) के सह-संस्थापकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बैठक में कंपनी की अब तक की यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसकी जानकारी समाचार एजेंसी IANS ने दी है। प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात को "बेहद अच्छी बातचीत" बताते हुए कंपनी की उपलब्धियों की सराहना की।
स्काईरूट के सह-संस्थापक पवन चंदाना और नागा भरत डाका ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सफल 'विक्रम-1' मिशन और अंतरिक्ष क्षेत्र को लेकर कंपनी के विजन के बारे में विस्तार से बताया। स्काईरूट ने प्रधानमंत्री के साथ इस मुलाकात को एक सम्मान बताया और कहा कि यह भारतीय निजी अंतरिक्ष उद्योग के लिए प्रेरणादायक है। कंपनी के अनुसार, इस तरह की बातचीत से देश में नवाचार, अनुसंधान और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र का भविष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में स्काईरूट के संस्थापकों के उत्साह और सकारात्मक दृष्टिकोण की प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, "उनका उत्साह, महत्वाकांक्षा और सकारात्मक दृष्टिकोण भारत के तेजी से विकसित हो रहे निजी अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र की जीवंत भावना को दर्शाता है।"
प्रधानमंत्री ने स्काईरूट एयरोस्पेस की पूरी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह विश्वास भी जताया कि आने वाले वर्षों में भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा और वैश्विक स्तर पर अपनी एक मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
इनपुट: IANS



