नालासोपारा: पत्नी की हत्या के बाद पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, शक में उजड़ा परिवार
महाराष्ट्र के नालासोपारा में एक परिवार घरेलू कलह और शक के चलते बिखर गया। यहां एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर कुछ घंटों बाद मुंबई के ग्रांट रोड स्टेशन पर लोकल ट्रेन के…
महाराष्ट्र के नालासोपारा में एक परिवार घरेलू कलह और शक के चलते बिखर गया। यहां एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर कुछ घंटों बाद मुंबई के ग्रांट रोड स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस अब इन दोनों मौतों के घटनाक्रम और आपसी संबंधों की जांच कर रही है।
यह दिल दहला देने वाली घटना नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा स्थित अलफातीफा बिल्डिंग की है। यहां रहने वाले मजीद हनीफ खान को अपनी पत्नी तबस्सुम पर शक था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े और मारपीट होती रहती थी। तबस्सुम घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं, और बच्चों के माता-पिता का घर आना-जाना मजीद को नागवार गुजरता था।
हत्या और आत्महत्या का घटनाक्रम
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर की रात परिवार ने साथ में खाना खाया और टीवी देखने के बाद सो गए। बेटी हॉल में सो रही थी, जबकि मजीद और तबस्सुम बेडरूम में थे। 7 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे जब बेटी की नींद खुली, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जब वह बेडरूम में गई तो उसने अपनी मां तबस्सुम को फर्श पर बेसुध पाया। उनके चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे। घर से पिता मजीद गायब थे।
बेटी ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने ही मां की हत्या की है और मौके से फरार हो गए हैं। सूचना पर पहुंची नालासोपारा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया और उसकी तलाश शुरू कर दी।
ग्रांट रोड स्टेशन पर मिला शव
पुलिस जब मजीद की तलाश कर रही थी, तभी खबर आई कि उसने मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी है। एक ही दिन में एक ही परिवार में हुई इन दो मौतों से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
इनपुट: IANS



