पटना: सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हिंसक टकराव, जमकर चले पत्थर और लाठियां
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को राजनीतिक प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जब कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। समाचार…
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को राजनीतिक प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जब कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह टकराव उस समय शुरू हुआ जब भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के एक प्रदर्शन के खिलाफ विरोध मार्च निकाल रहे थे।
घटनाक्रम के अनुसार, भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम तय किया था। इसके तहत भाजपा के कार्यकर्ता कुर्जी अस्पताल से एक विरोध मार्च निकालते हुए जैसे ही कांग्रेस मुख्यालय के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भी बाहर आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी हुई, जो जल्द ही बेकाबू हो गई।
सड़क पर संघर्ष, कई घायल
विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे और कई कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। इस हिंसक झड़प के कारण इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। दोनों दलों ने अपने कई कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा किया है, हालांकि खबर लिखे जाने तक प्रशासन ने घायलों की कोई आधिकारिक संख्या जारी नहीं की थी।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों गुटों को अलग किया। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसी बीच, बुधवार को पटना में एक और प्रदर्शन हुआ, जहां नीट पेपर लीक मामले को लेकर अखिल भारतीय छात्र संघ (आइसा) के कार्यकर्ताओं ने लोकभवन मार्च निकाला, जिसमें उनकी भी पुलिस से झड़प हुई।
इनपुट: IANS



