कनाडा: जंगलों में लगी भीषण आग शहरों तक पहुँची, 20,000 से ज़्यादा लोगों को घर छोड़ना पड़ा
पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में जंगलों की आग बेकाबू होकर अब शहरों की ओर बढ़ रही है, जिससे 20,000 से ज़्यादा लोगों को रातों-रात अपने घर खाली करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। यह आग ओकानागन…
पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में जंगलों की आग बेकाबू होकर अब शहरों की ओर बढ़ रही है, जिससे 20,000 से ज़्यादा लोगों को रातों-रात अपने घर खाली करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। यह आग ओकानागन झील के किनारे बसे समुदायों के लिए एक गंभीर खतरा बन गई है, जहाँ कई घर और इमारतें इसकी चपेट में आ चुकी हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस आग को क्षेत्र की सबसे तेज़ी से फैलने वाली आग में से एक बताया जा रहा है।
खाली कराए गए कई शहर
अधिकारियों ने कई इलाकों के लिए तत्काल निकासी के आदेश जारी किए हैं। इनमें समरलैंड की पूरी कम्युनिटी शामिल है, जहाँ करीब 12,000 लोग रहते हैं। इसके अलावा, पीचलैंड और आसपास के क्षेत्रों से भी लगभग 8,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस आग में कुल कितने घरों को नुकसान पहुँचा है।
कुछ ही घंटों में 50 वर्ग किलोमीटर तक फैली आग
इस विनाशकारी आग की शुरुआत बाल्ड रेंज के जंगलों से हुई, जिसकी पहली सूचना शुक्रवार शाम को मिली थी। देखते ही देखते कुछ ही घंटों के भीतर यह आग लगभग 50 वर्ग किलोमीटर (19 वर्ग मील) के विशाल क्षेत्र में फैल गई। फॉल्डर नामक एक छोटी कम्युनिटी पूरी तरह से इसकी चपेट में आ गई है और अब यह आग समरलैंड की ओर लगभग 15 किलोमीटर (9 मील) के रास्ते तक पहुँच चुकी है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कई घरों को जलते हुए और लोगों को आग की लपटों के बीच से भागते हुए देखा जा सकता है।
अधिकारी को भी परिवार संग भागना पड़ा
ओकानागन-सिमिलकामीन क्षेत्रीय जिले के आपातकालीन अधिकारी एरिक थॉम्पसन ने इस आग को इस क्षेत्र की सबसे भयावह आग में से एक बताया है। स्थिति की गंभीरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थॉम्पसन को खुद आपातकालीन संचालन केंद्र छोड़कर अपने परिवार को बचाने के लिए निकलना पड़ा। उन्होंने शनिवार सुबह अपनी गाड़ी से पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, “मुझे ईओसी छोड़कर अपने परिवार को इस इलाके से रेस्क्यू करने के लिए आना पड़ा। हम दक्षिण की ओर जा रहे हैं।”
एक स्थानीय निवासी केरी गोल्ड ने अपने पति माइक एल्सिंगा के साथ आधी रात करीब 12:30 बजे अपना घर छोड़ा। उन्होंने पास के पहाड़ों से आग की लपटों को तेज़ी से बढ़ते देखा। उन्होंने कहा, "यह डरावना है। यह तेजी से बढ़ रहा है।" गौरतलब है कि कनाडा हाल के वर्षों में जंगल की आग के बढ़ते खतरे का सामना कर रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर लोगों को विस्थापित होना पड़ा है और कनाडा तथा अमेरिका के बड़े हिस्से धुएं से प्रभावित हुए हैं।
इनपुट: IANS



