शनिवार, 1 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

ओपी राजभर का सपा सांसदों पर गंभीर आरोप, कहा- दलितों की 50 बीघा जमीन पर बना रहे स्विमिंग पूल

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के दो मौजूदा सांसदों पर जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में राजभर ने दावा किया कि मऊ और…

ओपी राजभर का सपा सांसदों पर गंभीर आरोप, कहा- दलितों की 50 बीघा जमीन पर बना रहे स्विमिंग पूल
(फोटो: IANS)

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के दो मौजूदा सांसदों पर जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में राजभर ने दावा किया कि मऊ और आजमगढ़ में सपा सांसदों द्वारा गरीबों और दलितों की जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है।

विज्ञापन

राजभर ने कहा कि पार्टी के नेता पिछड़ों और दलितों के हितों की बात तो करते हैं, लेकिन हकीकत में उनके साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से दो मामलों का जिक्र किया।

सांसदों पर जमीन कब्जाने का आरोप

राजभर ने लालगंज से सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर आरोप लगाते हुए कहा, "उन्होंने एक दलित की 50 बीघा जमीन कब्जा कर ली है और उसमें स्विमिंग पूल बना रहे हैं।" उन्होंने आगे बताया कि यह मामला आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव का है, जहां एक दलित महिला की करीब 50 बीघा जमीन और तालाब पर कब्जा कर फार्महाउस बनाया जा रहा है। ओपी राजभर के मुताबिक, पूरे परिसर की तारबंदी कर उसमें बिजली का करंट छोड़ा गया है ताकि कोई अंदर न जा सके।

इसके अलावा, उन्होंने मऊ से सांसद राजीव राय का जिक्र करते हुए कहा, "एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है मऊ में। राजीव राय के द्वारा यादव की जमीन कब्जा की जा रही है और मारपीट की नौबत आ गई। वहां अनर्गल आपत्तिजनक भाषा भी बोली गई।" राजभर ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए गरीबों की जमीन पर कब्जा करना उचित नहीं है।

अन्य मुद्दों पर भी साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री ने मौलाना जर्जिस अंसारी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को "पांच वक्त का नमाजी" बताने वाले बयान को लेकर भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अगर अखिलेश यादव इस बयान से असहमत हैं तो उन्हें मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करनी चाहिए थी।" राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव खुद को भगवान कृष्ण का वंशज बताते हैं, लेकिन इस मामले पर उनकी चुप्पी से लगता है कि वे मौलाना के बयान का विरोध नहीं कर रहे हैं।

इसके साथ ही, ओपी राजभर ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं।

2027 चुनाव पर विपक्ष को घेरा

आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजभर ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन मिलकर भी एनडीए का मुकाबला नहीं कर पाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे 2017 और 2022 में विपक्ष को हार मिली, वैसा ही 2027 में भी होगा और एनडीए पहले से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →