ओमान तट के पास तेल टैंकर के नज़दीक रहस्यमयी धमाका, यूकेएमटीओ ने जांच शुरू की
ओमान के तटीय इलाके के पास एक तेल टैंकर के बहुत करीब हुए एक रहस्यमयी धमाके ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड…
ओमान के तटीय इलाके के पास एक तेल टैंकर के बहुत करीब हुए एक रहस्यमयी धमाके ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) ने इस घटना की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह धमाका शनिवार को ओमान के खासाब से लगभग 21 नॉटिकल मील (करीब 39 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में हुआ। टैंकर के चालक दल ने जहाज के बेहद पास एक ज़ोरदार धमाके की आवाज़ सुनने और पानी का एक बड़ा गुबार उठते देखने की सूचना दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में जहाज को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी के हताहत होने की खबर है।
जांच और सुरक्षा अलर्ट
यूकेएमटीओ ने इस घटना के बाद इलाके में मौजूद अन्य जहाजों के लिए एक अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने सभी जहाज़ों को सावधानी बरतने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी है। इससे पहले यूकेएमटीओ की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि धमाके से जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा था, जिससे वह "कंट्रोल से बाहर" हो गया था। हालांकि, ताज़ा जानकारी में किसी नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है।
लाल सागर में हूती विद्रोहियों का दावा
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। दूसरी ओर, यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने लाल सागर में सऊदी अरब के आठ तेल टैंकरों को अपना रास्ता बदलने पर मजबूर कर दिया। हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने यह दावा करते हुए सऊदी अरब के खिलाफ अपना अभियान जारी रखने की धमकी दी, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह कार्रवाई कब की गई।
इनपुट: IANS



