Ola पर 10 लाख का जुर्माना: राइड से पहले 'टिप' मांगना पड़ा भारी, CCPA ने बताया 'डार्क पैटर्न'
अगर आप कैब बुक करते समय जल्दी राइड पाने के लिए अतिरिक्त पैसे देने का विकल्प चुनते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने कैब एग्रीगेटर ओला पर 10 लाख रुपये का भारी…
अगर आप कैब बुक करते समय जल्दी राइड पाने के लिए अतिरिक्त पैसे देने का विकल्प चुनते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने कैब एग्रीगेटर ओला पर 10 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई कंपनी के ऐप पर मौजूद एक ऐसे फीचर को लेकर की गई है, जो यात्रियों को यात्रा पूरी होने से पहले ही 'टिप' या 'ऐड-ऑन' के नाम पर अतिरिक्त भुगतान करने के लिए प्रेरित करता था। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, प्राधिकरण ने इसे अनुचित व्यापारिक गतिविधि मानते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया है।
यह आदेश CCPA की मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की अगुवाई में जारी किया गया। प्राधिकरण ने ओला की इस कार्यप्रणाली को 'डार्क पैटर्न' करार दिया है। 'डार्क पैटर्न' वेबसाइट या ऐप पर इस्तेमाल होने वाले ऐसे डिजाइन को कहते हैं, जो यूजर्स को धोखे से कोई ऐसा काम करने के लिए उकसाता है जो वे शायद नहीं करना चाहते, जैसे अतिरिक्त भुगतान करना।
क्या थी ओला की विवादित प्रणाली?
CCPA की जांच में सामने आया कि जब कोई यात्री ओला ऐप पर राइड बुक करता था, तो ड्राइवर की तलाश के दौरान ही स्क्रीन पर कुछ संदेश दिखाई देते थे। इन संदेशों में कहा जाता था कि 'टिप जोड़ने से जल्दी राइड मिलने की संभावना बढ़ सकती है' या 'जल्दी राइड कन्फर्म होने की संभावना बढ़ाएं'। इन संदेशों के साथ ही पहले से तय कुछ अतिरिक्त राशियों के विकल्प भी दिए जाते थे।
उपभोक्ता प्राधिकरण के मुताबिक, इससे ग्राहकों के मन में यह धारणा बनती थी कि अगर वे अतिरिक्त पैसे देंगे तो उन्हें कैब जल्दी मिल जाएगी। भले ही कंपनी ने संदेशों में 'संभावना' या 'हो सकता है' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, लेकिन इसका कुल प्रभाव उपभोक्ता को अतिरिक्त भुगतान के लिए प्रेरित करने वाला ही था।
नाम बदला, पर तरीका नहीं
जांच में यह भी पता चला कि ओला ने बाद में इस फीचर का नाम 'टिप' से बदलकर 'ऐड-ऑन' कर दिया था। हालांकि, CCPA ने स्पष्ट किया कि सिर्फ नाम बदलने से इस प्रैक्टिस की मूल प्रकृति नहीं बदलती, क्योंकि यह अब भी यात्रियों को अतिरिक्त भुगतान के लिए उकसा रही थी।
प्राधिकरण ने ओला के इस तर्क को भी विरोधाभासी माना कि 'ऐड-ऑन' का राइड मिलने पर कोई असर नहीं होता। अगर ऐसा था, तो ऐप पर इसके विपरीत संदेश क्यों दिखाए जा रहे थे? CCPA ने इस बात पर भी जोर दिया कि 'टिप' हमेशा किसी सेवा से संतुष्ट होने के बाद स्वेच्छा से दी जाती है, न कि सेवा शुरू होने से पहले दबाव में ली जाती है। इसी आधार पर प्राधिकरण ने कंपनी पर जुर्माना लगाते हुए इस प्रैक्टिस को बंद करने का निर्देश दिया है।
इनपुट: IANS



