असम राइफल्स में 354 पदों पर भर्ती: 10वीं पास से लेकर डिग्री होल्डर तक के लिए मौका, 15 नवंबर से करें आवेदन
अगर आप रक्षा क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो असम राइफल्स आपके लिए एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। महानिदेशालय असम राइफल्स ने ग्रुप-C के तहत तकनीकी और ट्रेड्समैन के कुल 354 पदों पर भर्ती की…
अगर आप रक्षा क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो असम राइफल्स आपके लिए एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। महानिदेशालय असम राइफल्स ने ग्रुप-C के तहत तकनीकी और ट्रेड्समैन के कुल 354 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होगी और 14 दिसंबर तक चलेगी।
यह भर्ती अभियान 'असम राइफल्स तकनीकी और ट्रेड्समैन भर्ती रैली 2026' का हिस्सा है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार असम राइफल्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय-सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले सभी जरूरी पात्रता मानदंडों की जांच करना महत्वपूर्ण है।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
भर्ती के तहत कुल 354 पद भरे जाने हैं, जिनमें कई तरह के पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा 124 पद वारंट ऑफिसर (साइफर) के लिए हैं। इसके अलावा, राइफलमैन के विभिन्न ट्रेड्स जैसे इलेक्ट्रिकल फिटर सिग्नल (32), लाइनमैन फील्ड (21), आर्मरर (29), इंजीनियर इक्विपमेंट मैकेनिक (10), व्हीकल मैकेनिक (23) और मेसन (29) के पद भी हैं। अन्य पदों में हवलदार, वारंट ऑफिसर (ड्राफ्ट्समैन, फिजियोथेरेपिस्ट) आदि शामिल हैं।
आवेदन के लिए पात्रता और आयु सीमा
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से पद के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए।
आयु सीमा: आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। वहीं, अलग-अलग ट्रेड के अनुसार अधिकतम आयु 23 से 25 वर्ष के बीच रखी गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। इसमें शारीरिक मानक परीक्षण (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET), दस्तावेज़ सत्यापन, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), ट्रेड स्किल टेस्ट और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। अंत में एक मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य (UR), ओबीसी और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



