ओडिशा: रिश्वत लेती पकड़ी गईं महिला इंजीनियर, घर और ठिकानों से 7.15 लाख रुपये नकद बरामद
ओडिशा की विजिलेंस टीम ने राज्य के केंद्रपाड़ा ड्रेनेज डिवीजन में तैनात एक असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अनुपमा साहू नाम की इस इंजीनियर…
ओडिशा की विजिलेंस टीम ने राज्य के केंद्रपाड़ा ड्रेनेज डिवीजन में तैनात एक असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अनुपमा साहू नाम की इस इंजीनियर को रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा गया है, जिसके बाद उनके कई ठिकानों पर छापेमारी में लाखों रुपये नकद और आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है।
विजिलेंस विभाग को ठेकेदारों से रिश्वत लेने की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद वे अनुपमा साहू की गतिविधियों पर नज़र रख रहे थे। टीम ने उनकी ऑफिस गाड़ी को केंद्रपाड़ा में एनएच-53ए पर मार्शाघाई क्रॉसिंग के पास उस वक्त रोका, जब वह अपने ऑफिस से नयानाबिहार स्थित घर जा रही थीं। तलाशी में उनके पास से 3.15 लाख रुपये नकद मिले।
छापेमारी में और नकदी बरामद
इसके बाद जब उनके घर की तलाशी ली गई, तो वहां से 4 लाख रुपये और मिले। इस तरह कुल 7.15 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई है। अधिकारियों के अनुसार, अनुपमा साहू इस नकदी का कोई संतोषजनक हिसाब नहीं दे पाईं, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई है।
विजिलेंस की टीमें आय से अधिक संपत्ति के आरोपों के तहत ढेंकनाल जिले और तालचेर समेत कई स्थानों पर उनकी चल और अचल संपत्तियों की तलाशी ले रही हैं। इनमें अंगुल जिले के तालचेर स्थित उनका पैतृक घर और ढेंकनाल के जीरिदामली में उनका ससुराल भी शामिल है। 7 सदस्यों वाली एक टीम ने उनके ससुराल में शनिवार रात भर तलाशी अभियान चलाया। रविवार सुबह कामाख्यानगर शहर में मेन रोड पर स्थित उनकी एक किराए की इमारत में भी छापेमारी की गई, जहां एक बैंक, जिम और लोहे की छड़ों का गोदाम है।
आय से अधिक संपत्ति का मामला
छापेमारी के दौरान विजिलेंस ने अनुपमा साहू के डुहुरिया स्थित किराए के घर और मार्शाघाई स्थित ऑफिस से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। इनमें बैंक डिपॉजिट, इंश्योरेंस बॉन्ड, सोने के गहने, गाड़ियां और अन्य कीमती सामान शामिल हैं, जो उनकी ज्ञात आय से मेल नहीं खाते। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही कुल संपत्ति की सही कीमत का आकलन किया जा सकेगा।
इनपुट: IANS



