नोएडा: शेयर बाजार में 3 गुना मुनाफे का झांसा, रिटायर्ड वायु सैनिक ने गंवाए 2.23 करोड़ रुपए
नोएडा में एक 73 वर्षीय सेवानिवृत्त वायु सैनिक के साथ साइबर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें उन्होंने 2.23 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम गंवा दी। जालसाजों ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश पर…
नोएडा में एक 73 वर्षीय सेवानिवृत्त वायु सैनिक के साथ साइबर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें उन्होंने 2.23 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम गंवा दी। जालसाजों ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश पर तीन गुना मुनाफे का लालच देकर एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए अपना शिकार बनाया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित सुनील कुमार आनंद नोएडा के सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार सोसाइटी के निवासी हैं। उन्हें कुछ समय पहले एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। इस ग्रुप में शेयर बाजार से कम समय में कई गुना कमाई करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते थे और कथित सफलता की कहानियां साझा कर उनका भरोसा जीता गया।
ऐसे फंसाया फर्जी ऐप के जाल में
साइबर ठगों ने सुनील कुमार आनंद को यूपी एस्प्रेसो ट्रेडिंग (UP Espresso Trading) नाम का एक फर्जी मोबाइल ऐप इंस्टॉल करने के लिए राजी कर लिया। ऐप में उन्हें लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जा रहा था, जिससे उन्हें यकीन हो गया कि उनका पैसा सुरक्षित है और उन्हें बड़ा फायदा होने वाला है।
इस भरोसे में आकर उन्होंने 36 दिनों के भीतर जालसाजों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 23 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने अपने पैसे और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो जालसाजों ने टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उनसे 62 लाख रुपए और जमा करा लिए।
कैसे हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
इसके बाद भी जब रकम नहीं मिली तो उनसे 37 लाख रुपए की एक और मांग की गई। बार-बार पैसे मांगे जाने पर उन्हें शक हुआ। उन्होंने ठगों द्वारा दिए गए मुंबई के पते पर जाकर पड़ताल की, तो वह फर्जी निकला। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और फर्जी ऐप की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक मुनाफे के लालच में आकर किसी भी अनजान ऐप पर निवेश न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
इनपुट: IANS



