नोएडा: कार में शराब पार्टी के बाद लगी भीषण आग, CNG ब्लास्ट में एक युवक की जलकर मौत
नोएडा के सेक्टर-126 इलाके में सोमवार देर रात एक खड़ी टैक्सी कार में आग लगने से एक युवक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले कार में दो लोग शराब पी रहे थे और इसी दौरान आग लगी…
नोएडा के सेक्टर-126 इलाके में सोमवार देर रात एक खड़ी टैक्सी कार में आग लगने से एक युवक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले कार में दो लोग शराब पी रहे थे और इसी दौरान आग लगी, जिसके बाद CNG किट में हुए धमाके ने इसे और भीषण बना दिया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मृतक की पहचान करने और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
यह घटना रायपुर तिराहे के पास ट्रक मार्केट में हुई। 16-17 नवंबर 2026 की दरमियानी रात पुलिस को एक टैक्सी कार में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर जब तक पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, आग पूरी तरह फैल चुकी थी। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार के अंदर मौजूद युवक बुरी तरह झुलस चुका था।
शराब और बीड़ी बनी वजह?
जांच टीमों को कार के अंदर से एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के वक्त कार चालक राजेंद्र अपने एक साथी के साथ गाड़ी में बैठकर शराब पी रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान बीड़ी से आग भड़की होगी, जिसने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार CNG से चलती थी, इसलिए आग लगने के बाद उसमें एक जोरदार धमाका भी हुआ।
पहचान और जांच जारी
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि मरने वाला व्यक्ति कार चालक राजेंद्र था या उसके साथ मौजूद दूसरा युवक। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना का पूरा क्रम समझा जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



