गोरखपुर: अखिलेश यादव के स्वागत में लगे JCB ने ली छात्र की जान, भाजपा ने सपा पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की 'पीडीए यात्रा' के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जिसके बाद भारतीय जनता…
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की 'पीडीए यात्रा' के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सपा प्रमुख पर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्रा के स्वागत के लिए इस्तेमाल हो रही एक जेसीबी मशीन की चपेट में आने से छात्र की जान चली गई।
मृतक छात्र की पहचान 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। वह स्थानीय भाजपा नेता और चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक ओंकार सिंह श्रीनेत के बेटे थे। यह घटना गोरखपुर एयरपोर्ट से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के पास हुई।
घटना और राजनीतिक प्रतिक्रिया
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव पीडीए रथ से देवकही गांव जा रहे थे। रास्ते में कूड़ाघाट में सपा कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत के लिए जेसीबी मशीनें लगा रखी थीं, जिनसे फूल बरसाए जाने थे। इसी दौरान आर्यवर्धन अपनी स्कूटी से सड़क पार कर रहा था और जेसीबी की चपेट में आ गया। इस हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोग सड़कों पर उतर आए।
भाजपा ने इस घटना को लेकर सपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हादसे का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "अखिलेश यादव के स्वागत के उन्माद की बलि चढ़ा 12 साल का मासूम!" भाजपा ने अपने बयान में कहा, "सपाई सड़क पर उतरते ही उन्माद में इस कदर खो जाते हैं कि उन्हें न किसी की सुरक्षा की चिंता रहती है, न किसी की जान की। आज इसी उन्माद ने एक मासूम की जान ले ली।"
सरकार ने की मदद की घोषणा
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री 19 नवंबर से गोरखपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह पीड़ित परिवार से मुलाकात भी कर सकते हैं।
इनपुट: IANS



