नेतान्याहू की गुप्त UAE यात्रा की पुष्टि, राष्ट्रपति से ईरान और क्षेत्रीय चुनौतियों पर हुई चर्चा
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की एक गुप्त यात्रा की अब आधिकारिक पुष्टि हो गई है। UAE की सरकारी समाचार एजेंसी WAM के अनुसार, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल…
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की एक गुप्त यात्रा की अब आधिकारिक पुष्टि हो गई है। UAE की सरकारी समाचार एजेंसी WAM के अनुसार, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने रविवार को नेतान्याहू से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा की। यह पहली बार था जब UAE की ओर से इस दौरे की पुष्टि की गई।
सोमवार देर रात इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर बताया कि यह यात्रा UAE के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर हुई थी। बयान में कहा गया, "प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू और उनकी पत्नी ने कल (रविवार) को UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद के निमंत्रण पर संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया।"
यात्रा का उद्देश्य और लंबी बैठक
इजरायली पीएम कार्यालय के मुताबिक, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य "दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना और क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा करना था।" इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख, मोसाद के प्रमुख, मिलिट्री सेक्रेटरी और विदेश नीति सलाहकार भी मौजूद थे। इजरायल के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह बैठक छह घंटे तक चली और मुख्य रूप से ईरान के मुद्दे पर केंद्रित रही।
विवादों के बीच हुआ यह दौरा
यह यात्रा उन मीडिया रिपोर्ट्स के कुछ हफ्तों बाद हुई है, जिनमें दावा किया गया था कि UAE के राष्ट्रपति ने 7 अक्टूबर, 2023 के हमास हमले से पहले नेतान्याहू को चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने इसे सुरक्षा एजेंसियों से साझा नहीं किया। नेतान्याहू ने इन खबरों का खंडन किया था। इजरायली मीडिया के अनुसार, नेतान्याहू का इस बार UAE जाने का एक मकसद शेख मोहम्मद से इन खबरों का खंडन करवाना भी था।
यात्रा की खबर लीक होने पर विवाद
नेतान्याहू के कार्यालय द्वारा यात्रा की पुष्टि किए जाने से पहले ही, इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी 'शिन बेट' ने इस खबर को प्रसारित करने वाले एक टीवी चैनल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यात्रा की जानकारी तब सार्वजनिक की गई जब प्रधानमंत्री का विमान इजरायल के हवाई क्षेत्र से बाहर था, जिससे प्रधानमंत्री, उनकी पत्नी और पूरे प्रतिनिधिमंडल की जान को खतरा पैदा हो गया।
इनपुट: IANS



